tag manger - पूर्वोत्तर भारत पूर्वोत्तर भारत : जलवायु परिवर्तन का असर तूफान और तेज बरसात के रूप में लगातार नज़र आया – KhalihanNews
Breaking News

पूर्वोत्तर भारत पूर्वोत्तर भारत : जलवायु परिवर्तन का असर तूफान और तेज बरसात के रूप में लगातार नज़र आया

भारत का पूर्वोत्तर क्षेत्र प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर है| लेकिन जलवायु परिवर्तन का असर अब इलाके में साफ नजर आने लगा है| इसके कारण बेमौसम की बरसात और साल में कई बार आने वाली बाढ़ अब नियति बनती जा रही है| यह विडंबना ही है कि जिस इलाके में दुनिया में सबसे बारिश वाली जगह है उसे अब पीने के पानी की किल्लत और सूखे से भी जूझना पड़ रहा है|

पूरा भारत जहां गर्मी के कहर से जूझ रहा है वहीं इस इलाके में बरसात और तूफान का बोलबाला है| असम और उसकी सीमा से सटे पश्चिम बंगाल के कुछ इलाकों में इस तूफान से कम से 16 लोगों की मौत हो गई जबकि घायलों की तादाद सैकड़ों में है| भारी बारिश और तूफान ने हजारों घरों को नुकसान पहुंचाया है| भारतीय मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में गरज के साथ बारिश या बिजली गिरने की भविष्यवाणी की है|

असम में शनिवार को भीषण तूफान के साथ आसमानी बिजली गिरने के कारण कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई| असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार बीते गुरुवार से ही असम के कई हिस्सों में ‘बोरदोइसिला’ ने कहर ढाया है| राज्य में गर्मियों के मौसम में आंधी के साथ होने वाली बारिश को ‘बोरदोइसिला’ कहा जाता है| आंधी से कई इलाकों में बिजली के खंभे उखड़ गए हैं| नतीजतन कई इलाको में बिजली की सप्लाई ठप हो गई है| एक सरकारी बयान में कहा गया है कि 12 हजार से अधिक घरों को नुकसान पहुंचा है| राज्य के 12 जिलों के करीब तीन सौ गांवों के 20 हजार से ज्यादा लोग इससे प्रभावित हुए हैं|

मेघालय के री-भोई जिले में भी चक्रवाती तूफान ने तबाही मचा रखी है| इस तूफान ने अब तक 47 गांवों के 1000 से ज्यादा घरों को नुकसान पहुंचाया है| कई लोग बेघर हो चुके हैं| लगातार हो रही तेज बारिश से स्थिति काबू में नहीं आ रही है| राज्य में बीते तीन दिनों से होने वाली भारी बारिश के साथ आए तूफान के कारण बिजली की सप्लाई में बाधा पहुंची है| हालांकि इस तूफान में किसी के मरने या घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है| राज्य के वेस्ट गारो हिल्स, खासी हिल्स और पूर्वी जयंतिया जिलों के कुछ इलाकों में अब भी बरसात जारी है|

उधर, मिजोरम के कोलासिब और मामित जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि के साथ आए भीषण तूफान ने एक चर्च की इमारत सहित 200 से अधिक घरों को क्षतिग्रस्त कर दिया| एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि शनिवार की देर रात दो जिलों में आए तूफान में अब तक किसी के मारे जाने की खबर नहीं है| कोलासिब जिले में कम से कम 220 घर और चर्च की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई| असम सीमा से सटे ममित जिले में दो दर्जन मकान क्षतिग्रस्त हो गए|

इस तूफान का असर असम से सटे पश्चिम बंगाल के कूचबिहार जिले में भी हुआ है| वहां चक्रवाती तूफान में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 50 लोग घायल हो गए हैं| कूचबिहार नगर पालिका अध्यक्ष रवींद्रनाथ घोष ने बताया कि चक्रवात से जिले के तूफानगंज, माथाभांगा समेत कई अन्य इलाके भी प्रभावित हुए हैं|

About admin

Check Also

एथेनॉल के ल‍िए मक्का की खेती बढ़ाने में जुटा भारत

एथेनॉल के ल‍िए मक्का की खेती बढ़ाने में जुटा भारत

देश के विभिन्न हिस्सों में पानी के संकट और लगातार बदलती आबोहवा के मद्देनजर सरकारों …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *