गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय, पंतनगर में 7-10 मार्च 2025 तक 117वां अखिल भारतीय किसान मेला आयोजित होगा। देश के प्रमुख किसान मेला में किसानों को उन्नत कृषि तकनीक, बीज, यंत्रों की प्रदर्शनी, पशुपालन और मत्स्य पालन से जुड़ी विशेष जानकारी किसानों को दी जायेगी।
यह मेला किसानों को नवीनतम कृषि तकनीकों, उन्नतशील फसलों और आधुनिक कृषि यंत्रों से अवगत कराने का एक बेहतरीन मंच प्रदान करेगा. वही, मेले में कृषि उद्योग प्रदर्शनी, उन्नत बीजों की बिक्री, पशुपालन व मत्स्य पालन प्रतियोगिताएँ, वैज्ञानिकों के व्याख्यान और कृषक गोष्ठी जैसी कई गतिविधियाँ होंगी। यह आयोजन किसानों की उत्पादकता बढ़ाने और आधुनिक खेती के तरीकों को बढ़ावा देगा। किसान इस मेले में भाग लेकर अपनी खेती को और उन्नत बना सकते हैं।
मेले का प्रमुख आकर्षण
उन्नतशील बीज और फसलें: किसानों के लिए उन्नत धान, अरहर, मूंग, उरद और सोयाबीन की उन्नतशील प्रजातियों की जानकारी और बिक्री उपलब्ध होगी।
कृषि उद्योग प्रदर्शनी: इसमें आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक और जैविक खेती से जुड़े उपकरणों का प्रदर्शन किया जाएगा।
व्याख्यानमाला एवं कृषक गोष्ठी: कृषि वैज्ञानिकों और विशेषज्ञों से सीधा संवाद कर किसान नवीनतम कृषि तकनीकों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
पशुपालन और मत्स्य पालन प्रदर्शन: पशुपालकों के लिए संकर बछियों की नीलामी और मत्स्य उत्पादन प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा।
विशेष प्रतियोगिताएँ: फल-फूल एवं शाक-भाजी प्रदर्शनी, परिरक्षित खाद्य पदार्थों की प्रतियोगिता, पशु प्रदर्शनी, और सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे।