tag manger - मक्का की ज्यादा उपज देने वाली किस्मों से अधिक लाभ – KhalihanNews
Breaking News

मक्का की ज्यादा उपज देने वाली किस्मों से अधिक लाभ

भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान नई दिल्ली में मक्का पर अनुसंधान कर कई किस्में तैयार की गई हैं। इनमें गंगा सफेद-2 देश के मैदानी क्षेत्रों के लिए उपयुक्त है। इसे पकने में 100 दिन लगते हैं। सफेद दाने वाली यह किस्म 60 क्विंटल तक उपज देती है। गंगा-5 किस्म के दाने नारंगी पीले होते हैं जो 95 दिनों में पकते हैं। इससे 45 से 50 क्विंटल प्रति हैक्टेयर उपज मिल सकती है।

इसके अलावा पीले दाने वाली विजय किस्म 95 से 105 दिन में पकती है। इससे प्रति हैक्टेयर 45 से 50 क्विंटल उपज मिल जाती है। ये सभी संकर (हाईब्रिड) किस्में हैं। हर वर्ष इनका नया बीज बोना होता है। मध्यप्रदेश के जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय द्वारा इसकी कुछ संकुल (कंपोजिट) किस्में भी तैयार की गई हैं। इनके बीज एक बार लगाकर किसान अपने बीज खुद तैयार कर सकते हैं।

यह मध्यम व कम रकबे वाले किसानों के लिए उपयुक्त है। ये किस्में – चंदन मक्का-1, नवजोत, पूसा कम्पोजिट-1, पूसा कम्पोजिट-11 हैं। इसमें पौधे का संरक्षण आवश्यकता अनुसार करते रहें।

मक्का की फसल से पर्याप्त उपज लेने के लिए एक हैक्टेयर में 10 से 15 टन गोबर खाद या कम्पोस्ट फसल बोने के छः से आठ दिन पहले खेत में बिखेरकर पांस वाला हल चला दें।

बीज बोते समय 50 किलोग्राम नत्रजन, 60 किलोग्राम स्फुर, 40 किलोग्राम पोटाश और 50 किलोग्राम जिंक सल्फेट बीज की कतारों के नीचे खाद बुआई यंत्र से डालें। 30 व 45 दिन बाद 50-50 किलोग्राम की मात्रा खड़ी फसल की कतारों के बीच यूरिया उर्वरक के रूप में गुड़ाई द्वारा मिट्टी में मिलाएँ।

इसमें बीज की मात्रा 20 से 25 किलोग्राम प्रति हैक्टेयर लगती है। बोने के पूर्व पाँच ग्राम प्रोटेक्ट (ट्राइकोडर्मा विरिडि) प्रति एक किलोग्राम बीज दर से उपचारित करें। पौधे स्थापित होने के बाद 20-22 सेमी की दूरी रख अविकसित पौधे निकाल दें। पौधों के बीच की दूरी 60 सेमी अच्छी मानी गई है। एक हैक्टेयर में 70 से 75 हजार पौधे होना चाहिए। 20-25 दिन के अंतर पर निंदाई-गुड़ाई करें। 25 से 35 दिन में पौधे पर मिट्टी चढ़ाने से भुट्टे आने के बाद हवा चलने पर भुट्टे गिरते नहीं हैं।

About admin

Check Also

पराली जलाने से रोकने के लिए पंजाब-सरकार देगी 22 हज़ार पराली निपटारा मशीनें

पराली जलाने से रोकने के लिए पंजाब-सरकार देगी 22 हज़ार पराली निपटारा मशीनें

धान की फ़सल जाड़ा आने के साथ पक जायेगी। धान की फसल के अवशेष के …

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *