शिरोमणि अकाली दल ने धमकी दी कि अगर पंजाब में आम आदमी पार्टी सरकार 72 घंटे के भीतर मंडियों से धान की खरीद और उठान सुनिश्चित करने में विफल रही तो वह आंदोलन शुरू करेगी। यह निर्णय पार्टी की कोर कमेटी की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता शिअद के कार्यकारी अध्यक्ष बलविंदर सिंह भूंदर ने की। कमेटी ने कहा कि मंडियों में आने वाले धान की खरीद और उठान समय पर नहीं हो पा रहा है। कमेटी ने साथ में ये भी कहा कि आप सरकार केंद्र के साथ समन्वय बनाने में पूरी तरह से विफल है, जिसके कारण किसान पीड़ित हैं।
मिली जानकारी अनुसार पंजाब के किसानों ने रविवार को राज्य में धान की कथित धीमी खरीद के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। अकाली नेता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने कहा कि कोर कमेटी ने पंचायत चुनावों में आप सरकार के आचरण पर भी चिंता व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी उम्मीदवारों को नामांकन पत्र दाखिल करने की अनुमति नहीं दिए जाने, उनके कागजात छीन लिए जाने या यहां तक कि हिंसा का सामना करने के कई उदाहरण हैं, ताकि उन्हें रिटर्निंग अधिकारियों के कार्यालयों से दूर रखा जा सके।
किसानों ने कई जगहों पर तीन घंटे तक जम्मू-अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग को भी जाम किया। जालंधर में किसानों ने धनोवाली गेट के पास राष्ट्रीय राजमार्ग को जाम कर दिया, जिससे जालंधर-लुधियाना राजमार्ग अवरुद्ध हो गया। प्रदर्शनकारियों ने लुधियाना, अंबाला और दिल्ली जाने वाले मार्ग पर यातायात को बाधित करते हुए राजमार्ग को दोनों तरफ से अवरुद्ध कर दिया।इसके अलावा, पठानकोट के रास्ते जम्मू जैसे अन्य राज्यों में जाने वाला यातायात भी बाधित रहा।प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब ने कहा, “सभी मुद्दों की जड़ केंद्र सरकार है।”
धान उठान की व्यवस्था सही न होने से न सिर्फ किसान बल्कि आढ़तियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आढ़ती संगठन के प्रधान मनीष कंबोज का कहना है कि जिस स्पीड से धान आ रहा है, उठान उतनी तेजी से नहीं हो रहा। जो धान शुरू में आया था वह अभी भी मंडियों में भरा हुआ है। शेड भी भरे हुए हैं, सड़कों पर भी धान बिखरा हुआ है। उन्होंने सरकार से अपील की कि धान की लिफ्टिंग में ज्यादा ध्यान दिया जाए।
उन्होंने बताया कि अभी तक किसानों को धान की राशि भी नहीं मिली है, जिसके चलते किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हुआ है। धान की कटाई के पैसे देने हैं, इसके अलावा जहां से कर्ज लिया हुआ है उनका भुगतान करना है। इसी को लेकर किसान चिंतित हैं।
अनाज मंडी में धान की खरीद न होने के विरोध में रविवार को संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर किसानों ने बनूड़ बैरियर चौक पर सड़क के बीच धरना दिया। किसान केंद्र और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे और धान को तुरंत उठाने की मांग कर रहे थे। इस धरने के कारण चौक के चारों ओर सड़क पर लंबा जाम लग गया और जाम में फंसे वाहन चालकों को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा।