लखनऊ: विधानसभा चुनाव से पहले सहारनपुर की सीटों को लेकर सपा और कांग्रेस के बीच बढ़ी तकरार के बीच राहुल गांधी यूपी में अपने चुनावी अभियान की शुरुआत सहारनपुर से करेंगे। कांग्रेस 10 दिसंबर को यहां अपनी पहली चुनावी रैली की तैयारी कर रही है।सपा की ओर से सहारनपुर की सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा के बाद गठबंधन में पैदा हुई खींचतान के बीच कांग्रेस के इस फैसले के राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

कांग्रेस नेतृत्व ने प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से सहारनपुर की प्रस्तावित रैली की तैयारियों की जानकारी ली है। पश्चिमी यूपी में इमरान के प्रभाव और सहारनपुर को लेकर सपा-कांग्रेस के बीच चल रही तनातनी के बीच रैली को अहम माना जा रहा है।परिसीमन के मुद्दे पर सड़क पर उतरेगी कांग्रेसचुनावी तैयारियों के साथ कांग्रेस ने परिसीमन से जुड़े संशोधन विधेयक को लेकर भी केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने की तैयारी शुरू कर दी है।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने वर्चुअल बैठक कर विरोध पर चर्चा की। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' समेत प्रदेश के प्रमुख नेता शामिल हुए। प्रियंका ने नेताओं और कार्यकर्ताओं को विधेयक के विरोध में सड़कों पर उतरने के लिए तैयार रहने को कहा है।कांग्रेस का बीजेपी पर सांसद जुटाने का आरोपवहीं, कांग्रेस ने बीजेपी पर संविधान संशोधन के लिए जरूरी संख्या जुटाने के मकसद से विपक्षी दलों के सांसदों में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया है।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा 'मोना' ने कहा कि संविधान दिवस पर संसद का विशेष सत्र बुलाने से बीजेपी की मंशा संदिग्ध लगती है।‘दूसरे दलों को तोड़ने की कोशिश’राजेंद्र पाल गौतम के अनुसार, एनडीए के पास करीब 319 सांसद हैं, जबकि संसोधन के लिए लगभग 360 सांसद चाहिए।

इसी कमी को पूरा करने के लिए दूसरे दलों को तोड़ने की कोशिश हो रही है। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस के 20 सांसदों के एनसीपीआई में विलय का दावा करते हुए कहा कि अयोग्यता याचिकाएं स्पीकर के पास लंबित हैं। आराधना मिश्रा ने महिला आरक्षण तत्काल लागू करने तथा जातिगत जनगणना के आधार पर ओबीसी महिलाओं को हिस्सा देने की मांग की।राकेश राठौर ने पार्टी से जताई नाराजगीइसी दौरान सीतापुर से कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने पार्टी में अपनी अनदेखी और अपमान का मुद्दा उठाया।

उन्होंने कहा कि सांसदों से राय नहीं ली जा रही और निर्णय प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जा रहा। राठौर ने यूपी प्रभारी गौतम की कार्यशैली, संपर्क न हो पाने और सीट शेयरिंग पर अस्पष्टता को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह यूपी से कांग्रेस के इकलौते ओबीसी लोकसभा सांसद हैं, फिर भी उनको महत्व नहीं मिल रहा है।