कटिहार: दूल्हे को न तो बीपी थी, न शुगर था और ना ही कोई दूसरी बीमारी। रिसेप्शन वाले स्टेज पर अचानक गिरा और मुंह से खून निकलने लगा। बिहार के कटिहार जिले में शादी के महज 24 घंटे बाद ही दूल्हे की मौत हो गई। जिस घर में कुछ घंटे पहले तक शहनाई गूंज रही थी, नई दुल्हन के स्वागत में मेहमान जुटे थे और नई जिंदगी की खुशी थी, वहां अचानक सन्नाटा पसर गया।

यह घटना पोठिया थाना क्षेत्र के पोठिया बाजार वार्ड संख्या-13 की है। मृतक की पहचान डॉक्टर पवन कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पोठिया बाजार के थे और पटना में पदस्थापित थे। उनकी शादी 25 नवंबर को चांदपुर में हुई थी और 26 नवंबर को भव्य रिसेप्शन का आयोजन किया गया था।रिसेप्शन के स्टेज पर गिर गया दूल्हारिसेप्शन समारोह सामान्य चल रहा था और कई मेहमान खाना खाकर लौट रहे थे।

कार्यक्रम की समाप्ति के करीब दूल्हा-दुल्हन मंच पर आखिरी दौर का फोटोशूट करवा रहे थे। किसी ने नहीं सोचा था कि मुस्कुराती जोड़ी कुछ ही क्षणों में दर्दनाक मोड़ पर पहुंच जाएगी।मंच पर गिरे तो फिर उठा नहीं पायाफोटोशूट खत्म होने के बाद डॉक्टर पवन अचानक मंच पर गिर पड़े और समारोह स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने तुरंत उन्हें सीपीआर देकर होश में लाने की कोशिश की।

इसके बाद उन्हें फलका प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखकर पूर्णिया जाने की सलाह दी।पूर्णिया में जांच के दौरान मौत परिजन उन्हें लेकर पूर्णिया रवाना हुए, लेकिन वहां जांच में नब्ज और ईसीजी में कोई गतिविधि नहीं मिली। शादी की खुशियां मनाने जुटे परिवार को कुछ ही घंटों में अपनों को खोने का दुख झेलना पड़ा।

परिजनों को गंभीर हार्ट अटैक यानी सीवियर कार्डियक अरेस्ट की आशंका है, हालांकि पुष्टि नहीं हुई है।खुद डॉक्टर थे दूल्हे पवन कुमारमृतक दूल्हे डॉक्टर पवन कुमार के भाई श्रवण कुमार ने बताया कि 26 नवंबर को रिसेप्शन के अंतिम समय में पवन पत्नी के साथ फोटोशूट करवा रहे थे। फोटो खिंचवाने के बाद वे अचानक नीचे गिर गए।

परिवार ने सीपीआर दिया, उनके मुंह से खून निकला और जांच में ब्लड प्रेशर और नब्ज की स्थिति गंभीर थी। श्रवण कुमार के अनुसार, पवन को पहले से कोई बीमारी नहीं थी और वे खुद चिकित्सक थे।