नवाबगंज थाना क्षेत्र के निषादराज किले में आठ वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोप है कि वारदात को अंजाम देने वाले दोनों किशोर नाबालिग हैं। बालिका को गंभीर हालत में उपचार के लिए डफरिन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में पूछताछ के लिए गांव के कई किशोरों को हिरासत में लिया है।
फाफामऊ थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली करीब आठ वर्षीय बालिका नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में अपनी बुआ के घर आई थी। शुक्रवार को वह रोज की तरह बकरी चराने के लिए निकली थी। शाम को बकरी चराकर लौटते समय गांव के दो किशोरों ने उसे कथित तौर पर पकड़ लिया। आरोप है कि दोनों उसे निषादराज किले के भीतर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
इसके बाद बालिका के बेहोश होने पर दोनों वहां से भाग निकले। देर शाम तक बालिका घर नहीं पहुंची तो उसकी बुआ ने तलाश शुरू की। खोजते हुए वह निषादराज किले के भीतर पहुंची तो बालिका वहां बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसके शरीर पर चोटों के निशान थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
होश में आने पर बालिका ने कथित आरोपियों के नाम बताए। इसके आधार पर पुलिस ने गांव में उन नामों के कई किशोरों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बालिका का उपचार डफरिन अस्पताल में चल रहा है।