कानपुर में पटकापुर स्थित राधिका अपार्टमेंट में लगी आग की पहली गाज चौकी इंचार्ज प्रशांत सिंह पर गिरी है। घटना के पांच दिन बाद भी आरोपी बिल्डरों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने उन्हें निलंबित कर दिया है। 16 नवंबर को तड़के पांच फीट चौड़ी सड़क पर स्थित राधिका अपार्टमेंट में भीषण आग लगी थी।
लपटों और धुएं से बचने के प्रयास में एक महिला व किशोर की मौत हो गई थी, जबकि दो लोग अभी भी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। घटनास्थल पर पहले ही दिन पहुंचे सीपी ने आरोपी बिल्डरों मोहित तिवारी, सफीक, मन्नू रहमान, सरबजीत कौर और प्यारे खान की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। सीपी ने बताया कि तीन दिन के भीतर गिरफ्तारी की बात कही गई थी।