लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लखनऊ में पति से संबंध विच्छेद करना चाह रही एक मुस्लिम महिला का मामला चर्चा में है। महिला बेबी खान हिना अपने पति वस्सन खान से निकाह समाप्त करके अलग होना चाहती हैं। उन्होंने इसके लिए ' खुला ' का ऐलान कर दिया है। बेबी खान ने अपने पति को रजिस्टर्ड डाक के जरिए ' खुलानामा ' भेज दिया है।
उनका खुलानामा एक तरफा है, जबकि संबंध विच्छेद की यह प्रक्रिया पारंपरिक रूप से शौहर और बीवी की सहमति से पूरी होती है।बेबी खान हिना का दावा है कि उन्होंने खुलानामा इसलिए भेजा है क्योंकि उनके निकाह तोड़ने पर उसके पति ने सहमति नहीं दी और मौलवी ने भी मंजूरी नहीं दी। उन्होंने कुरान में दिए गए महिलाओं के अधिकार का जिक्र करते हुए यह खुलानामा भेजा है।
उनका दावा है कि कुरान में की गई इस व्यवस्था में पति की सहमति या मौलवी की मंजूरी जरूरी नहीं होती है।खुलानामा मुस्लिम पर्सनल लॉ के तहत 'खुला' यानी पत्नी की पहल या आपसी सहमति से होने वाले तलाक का दस्तावेजी समझौता होता है। इसमें पति-पत्नी के बीच निकाह खत्म करने की शर्तें, मेहर (दहेज/प्रतिफल), गुजारा भत्ता और बच्चों की कस्टडी से जुड़ी बातें दर्ज की जाती हैं।
खुलानामा दोनों की सहमति के बिना भी पत्नी की ओर से बनाया जा सकता है।मस्जिद में भी बनाया जाता है खुलानामापति से संबंध विच्छेद करने की इच्छुक महिलाओं के लिए 'खुला' एक आसान उपाय है। यह महिला की ओर से पति को तलाक होता है। इसके लिए महिला को पति को खुलानामा देना होता है। यह स्टैंप पेपर पर बनाया जाता है और इसके दो सेट बनाए जाते हैं।
इसका एक सेट महिला के लिए और एक सेट उसके पति के लिए होता है। खुलानामा मस्जिद में भी बनाया जाता है। लेकिन कानूनी वैध खुलानामा कोर्ट में स्वीकार्य स्टैंप पेपर पर ही बनाया जाता है।खुलानामा पर पति-पत्नी के नाम और पते लिखे जाते हैं। उनकी उम्र लिखी जाती है। खुलानामा में दोनों की शादी की तारीख, शादी का स्थान, कितने साल निकाह को हुए, कितने बच्चे हैं, जैसी जानकारियां दर्ज करनी होती हैं।
इसमें यह भी लिखना होता है कि दोनों ने सुलह के लिए क्या कोई प्रयास किए? और समझौता क्यों नहीं हो सका।मेहर के बारे में स्थिति स्पष्ट करना जरूरीखुलानामा में लिखना होता है कि 'खुला' (संबंध विच्छेद) के बाद क्या शौहर महिला को कोई मेन्टेनेंस देने वाला है? निकाह में मेहर कितना दिया गया था। क्या बीवी अपने शौहर को मेहर वापस कर रही है, या वह उसे बीवी को ही दे रहा है?
इन सवालों के जवाब भी खुलानामा में देने होते हैं।इसमें इसके साथ-साथ यह भी बताना होता है कि क्या दोनों के बीच कोर्ट में कोई केस चल रहा है? बच्चे हैं तो वे किसकी कस्टडी में रहेंगे, मिलने की इजाजत होगी या नहीं, यह भी इसमें लिखना होता है। इस पर पति और पत्नी की तस्वीरें, हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान होने चाहिए।
खुलानामा पर कम से कम दो गवाहों के हस्ताक्षर होने चाहिए।एकतरफा खुलानामा की अपील सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीनजब 'खुला' सहमति से हो तो इसमें आम तौर पर कोई विवाद नहीं होता। लेकिन बेबी खान हिना ने एकतरफा खुलानामा भेजा है, क्योंकि उनके शौहर तलाक के लिए सहमत नहीं हैं। एकतरफा खुला की वैधता से जुड़ी एक अपील को सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है।
इस पर अंतिम फैसला आना बाकी है। इससे पहले केरल और तेलंगाना हाईकोर्ट के फैसलों में यह कहा जा चुका है कि मुस्लिम महिला बिना शौहर की सहमति के एकतरफा 'खुला' ले सकती है। इसी मुद्दे पर संवैधानिक और कानूनी वैधता का परीक्षण सुप्रीम कोर्ट कर रहा है।दो हाईकोर्टों के महिलाओं के पक्ष में फैसलेकेरल हाईकोर्ट और तेलंगाना हाईकोर्ट ने साफ किया है कि मुस्लिम महिला को निकाह खत्म करने के लिए खुला का पूरा अधिकार है।
यदि पत्नी खुला का ऐलान करती है और मेहर लौटाने के लिए तैयार होती है, तो इसके लिए पति का इनकार अमान्य होता है। मुस्लिम विवाह परंपरा में मेहर पति की ओर से पत्नी को शादी के दौरान दिया जाने वाली एक अनिवार्य धनराशि, संपत्ति या कोई कीमती उपहार होता है, जिस पर केवल पत्नी का कानूनी और धार्मिक अधिकार होता है।
यह निकाहनामा का एक जरूरी हिस्सा होता है। मेहर से पत्नी को आर्थिक सुरक्षा मिलती है।कुरान में दिया गया है अधिकारबेबी खान हिना का वस्सन खान से निकाह 7 अप्रैल, 2019 को हुआ था। उन्होंने पति पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया है कि उन्होंने सुलह के लिए 4 जुलाई और 7 अगस्त को डाक से नोटिस भेजे थे,लेकिन उनके पति की ओर से उन्हें कोई सहयोग नहीं मिला।
इस स्थिति में उन्होंने शरीयत के तहत अधिकार का उपयोग किया।बेबी खान का दावा है कि कुरान की सूरह अल-बकरह की आयत 229 में पति-पत्नी के बीच संबंध रखना संभव न हो तो महिला को कुछ मेहर (प्रतिफल) देकर निकाह से अलग होने का अधिकार है। उन्होंने इसके समर्थन में केरल और तेलंगाना हाईकोर्ट के फैसलों का जिक्र किया है।
यह मामला अदालत में पहुंचने की संभावना है।