तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने के आदेश का पालन नहीं होने पर सुप्रीम कोर्ट ने राज्य सरकार को कड़ी फटकार लगाई। अदालत ने साफ कहा कि उसके आदेशों को कोई भी अधिकारी या सरकार अपने हिसाब से बदल नहीं सकती, चाहे उसका पद कितना भी बड़ा क्यों न हो। जस्टिस अरविंद कुमार की अगुवाई वाली पीठ ने चेतावनी देते हुए कहा, 'अगर कोई संवैधानिक अराजकता पैदा करने की कोशिश करेगा तो हम उसे ठीक कर देंगे।
अब समय आ गया है कि ऐसी स्थितियों से सख्ती से निपटा जाए, नहीं तो इससे संवैधानिक अराजकता पैदा होगी।'मुख्य सचिव, DGP और जिला कलेक्टर को नोटिसकार्तिगई दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मदुरै के जिला कलेक्टर और अन्य अधिकारियों को अवमानना का नोटिस जारी किया। एससी की पीठ ने मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होने का निर्देश दिया और अधिकारियों के बीच हुए ईमेल, फोन कॉल और संदेशों का ब्योरा हलफनामे के जरिए मांगा।
अदालत ने तमिलनाडु पुलिस की विफलता को देखते हुए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर और तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा की जिम्मेदारी सीआरपीएफ को सौंप दी।सुप्रीम कोर्ट की ताजा टिप्पणी 20 नवंबर को दिए गए उस आदेश के पालन में हुई देरी को लेकर आई, जिसमें तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने की इजाजत दी गई थी।
एससी ने इस मामले में मदुरै के जिला कलेक्टर और जिला मजिस्ट्रेट की भूमिका पर सवाल उठाए। सुनवाई के दौरान जस्टिस अरविंद कुमार ने पूछा कि जब प्रशासन को कोर्ट के आदेश का पालन कराना था तो उसने जमीनी स्तर पर क्या कदम उठाए? पीठ ने जिला प्रशासन से जवाब मांगा कि आखिर दीपक जलाने की व्यवस्था क्यों नहीं हो सकी। कोर्ट ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि मद्रास हाईकोर्ट के सामने जिला कलेक्टर ने खुद आदेश का पालन करने का भरोसा दिया था, इसके बावजूद दीपक नहीं जलाया गया।
मंदिर मैनेजमेंट के काम पर भी उठाए सवालकलेक्टर की ओर से पेश सीनियर वकील गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी कि उन्होंने मद्रास हाईकोर्ट को पहले ही साफ कर दिया था कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर पुनर्विचार याचिका दाखिल करने से उस आदेश पर अपने आप रोक नहीं लग जाती। यानी समीक्षा याचिका के आधार पर आदेश का पालन नहीं करने की छूट नहीं मिलती।
हालांकि, सुप्रीम कोर्ट इन दलीलों से संतुष्ट नजर नहीं आया। सुनवाई के दौरान पीठ ने मंदिर मैनेजमेंट के काम पर भी सवाल उठाए। जस्टिस अरविंद कुमार ने पूछा कि मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष की जगह दूसरे ट्रस्टियों ने कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी क्यों संभाली? उन्होंने कहा कि बैठक बुलाने की जिम्मेदारी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष की होती है, न कि अन्य ट्रस्टियों की।अधिकारियों की सफाई पर भी जताया संदेहसुप्रीम कोर्ट ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों की ओर से पेश की गई सफाई पर भी संदेह जताया।
पीठ ने कहा कि उसने सभी अधिकारियों की बातें सुन ली हैं, लेकिन वह यह जांचेगी कि उनके जवाब वास्तविक हैं या सिर्फ दिखावा। कोर्ट ने कहा कि वह इस मामले में प्रशासन की ओर से दी गई सफाई और उठाए गए कदमों की बारीकी से जांच करेगी। वहीं, जिला कलेक्टर की ओर से पेश वकील गोपाल शंकरनारायणन ने सुनवाई में यह स्वीकार किया कि दीपथून स्तंभ पर दीपक नहीं जलाया जा सका।
उन्होंने कहा कि इस तथ्य से वह इनकार नहीं कर रहे हैं।क्या है कार्तिगई दीपम विवाद?दरअसल, तिरुपरनकुंड्रम पहाड़ी पर दीपथून नाम के पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम का दीपक जलाने को लेकर विवाद चल रहा है। इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को दीपक जलाने की इजाजत देते हुए आदेश दिया था। इसके बावजूद दीपक नहीं जलाए जाने पर अदालत ने जिला प्रशासन के रवैये को गंभीरता से लिया है।
अब कोर्ट राज्य सरकार और जिला प्रशासन की ओर से दाखिल जवाबों की जांच करेगा। साथ ही ASI एएसआई की उस मांग पर भी विचार किया जाएगा, जिसमें किसी स्वतंत्र एजेंसी और सेवानिवृत्त जज की निगरानी में दीपक जलाने की व्यवस्था करने की बात कही गई है।