अल्लापुर में प्रॉपर्टी डीलर अरविंद भारतीया की हत्या के मामले में कुख्यात गैंगस्टर निहाल उर्फ बच्चा पासी के समेत आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। बच्चा पासी नगर निगम का पूर्व पार्षद रह चुका है। वर अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा राजन का खास गुर्गा बताया जाता है। उसके ऊपर पहले से ही संगीन मामलों में कई मामले दर्ज हैं।

जार्जटाउन थाने में बहन गुड़िया देवी की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। गुड़िया के अनुसार उसका भाई अरविंद साजन मेहता हत्याकांड का चश्मदीद गवाह था और मुकदमे में गवाही देने के बाद से उसे लगातार धमकियां मिल रही थीं। आरोपियों की ओर से समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा था। 26 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे अरविंद भारतीय अपने बड़े भाइयों रोहित और जितेंद्र के साथ भांजे की शादी में जाने के लिए दाढ़ी बनवाने मोहल्ले की एक दुकान पर गया था।

इसी दौरान उसकी हत्या कर दी गई। शिकायतकर्ता गुड़िया देवी ने पुलिस को बताया कि अरविंद साजन मेहता हत्याकांड का चश्मदीद गवाह था। इस मामले में सितंबर 2025 में जार्जटाउन थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। बच्चा पासी समेत आठ लोग नामजद प्राथमिकी में निहाल उर्फ बच्चा पासी पुत्र स्वर्गीय जगत पासी निवासी रम्मन का पुरवा, थाना धूमनगंज के अलावा गुड्डू पासी, प्रिंस पासी, मनीष पासी, गोलू पासी, ईशु भारतीय, सरिता और कोमल को भी नामजद किया गया है।

हत्या, आपराधिक षड्यंत्र, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विवेचना निरीक्षक बाबन राम को सौंपी गई है।