तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और टीवीके प्रमुख सी जोसेफ विजय की पेरम्बूर विधानसभा सीट से जीत को चुनौती देने वाली चुनाव याचिका पर मद्रास हाईकोर्ट ने अहम फैसला सुनाया है। कोर्ट ने विजय की उस अर्जी को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने याचिका को शुरुआती स्तर पर ही खारिज करने की मांग की थी। अदालत ने कहा कि याचिका में सुनवाई का आधार मौजूद है और आरोपों की अहमियत ट्रायल के दौरान तय की जाएगी।विजय के चुनावी हलफनामे में संपत्ति संबंधी जानकारी छिपाने का आरोपबार एंड बेंच की रिपोर्ट के मुताबिक, पेरम्बूर के मतदाता एस दिनेश ने विजय के खिलाफ चुनाव याचिका दाखिल की थी।
उनका आरोप है कि विजय ने नामांकन के साथ जमा किए गए हलफनामे में कई संपत्ति लेनदेन की जानकारी छिपाई या गलत तरीके से दर्ज की।दिनेश के मुताबिक, विजय ने जनवरी 2026 में पनरुति में तीन एकड़ जमीन 30 करोड़ रुपये में खरीदी थी, लेकिन इसकी जानकारी हलफनामे में नहीं दी। इसके अलावा, उन्होंने अगले महीने पाडी में एक व्यावसायिक संपत्ति 35 करोड़ रुपये में बेचने का भी आरोप लगाया।याचिकाकर्ता ने यह भी दावा किया कि विजय ने कोडाइकनाल में 50 सेंट जमीन को कृषि भूमि बताया था, जबकि राजस्व रिकॉर्ड में इसे सरकारी जमीन के रूप में दर्ज किया गया है।मतदाताओं से जानकारी छिपाने का दावादिनेश का तर्क है कि कथित तौर पर संपत्ति से जुड़ी जानकारियां छिपाने के कारण मतदाताओं को वह जानकारी नहीं मिल सकी, जिसके वे हकदार थे।
उन्होंने इसे जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 123(2) के तहत अनुचित प्रभाव और भ्रष्ट चुनावी आचरण बताया। याचिकाकर्ता ने मद्रास हाईकोर्ट से विजय के चुनाव को रद्द करने की मांग की थी।विजय ने याचिका खारिज करने की मांग की थीविजय ने आरोपों से इनकार किया और याचिका को शुरुआती स्तर पर ही खारिज करने की मांग की।
उनके वकीलों का कहना था कि याचिका में ऐसा कोई ठोस तथ्य नहीं बताया गया है, जिससे चुनाव के खिलाफ मामला बनता हो।बचाव पक्ष ने यह भी दलील दी कि विजय ने 600 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की थी और कथित विसंगतियों से यह साबित नहीं होता कि मतदाताओं के फैसले पर कोई प्रभाव पड़ा।कोर्ट ने कहा- आरोपों की अहमियत ट्रायल में तय होगीजस्टिस वी लक्ष्मीनारायणन ने कहा कि एस दिनेश की याचिका में सुनवाई का आधार मौजूद है और इसे कानून के तहत विचार योग्य माना जा सकता है।
अदालत के मुताबिक, विजय के नामांकन हलफनामे में कथित चूक और विसंगतियों का जिक्र स्पष्ट रूप से किया गया है। इन आरोपों की वास्तविक अहमियत का आकलन ट्रायल के दौरान ही किया जा सकता है।पेरम्बूर में 53,715 वोटों से जीते थे विजयअप्रैल 2026 में हुए विधानसभा चुनाव में विजय ने पेरम्बूर सीट से 1,20,365 वोट हासिल किए थे।
उन्होंने डीएमके के आरडी शेखर को 53,715 वोटों से हराया था। विजय ने तिरुचिरापल्ली ईस्ट सीट से भी चुनाव जीता था, लेकिन पेरम्बूर सीट बरकरार रखने के लिए उन्होंने दूसरी सीट छोड़ दी। पेरम्बूर चुनाव परिणाम को चुनौती देते हुए आरडी शेखर और एक अन्य मतदाता टीएन लक्ष्मी नरसिम्हन ने भी अलग-अलग याचिकाएं दाखिल की हैं।