काहिरा: मिस्र की राजधानी काहिरा के पास के मुख्य हाईवे पर तेल टैंकर पलटने के बाद भीषण आग लग गई। इस हादसे में कम से कम 31 लोगों की मौत हो गई जबकि 21 घायल हैं। हादसा ग्रेटर काहिरा क्षेत्र के गीजा में स्थित घनी आबादी वाले जिल अल-वराक में हुआ। आग की चपेट में कार और बाइक मिलाकर कुल 27 गाड़ियां जलकर खाक हो गई, जिससे भारी तबाही हुई।अधिकारियों ने कहा कि हताहतों की संख्या और नुकसान के दायरे का अभी भी आकलन किया जा रहा है।
जिन पीड़ितों की पहचान नहीं हो पाई है उनके DNA सैंपल लेने के आदेश दिए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान घायलों को ले जाने के लिए मौके पर 39 एंबुलेंस तैनात की गईं।जलती कारों में फंस गए लोगटैंकर पलटने के बाद आग तेजी से दूसरे वाहनों तक फैल गई और लोग जलती हुई कारों के अंदर फंस गए। बचावकर्मी पीड़ितों को वाहनों से निकाल रहे थे और फायरकर्मी आग को काबू करने की कोशिश कर रहे थे।
घटना के एक चश्मदीद ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि आग लगने के समय कई लोग गाड़ियों के अंदर फंस गए थे। उन्होंने यह भी देखा कि जलती हुई गाड़ियों से 8 शव निकाले गए।मिस्र के स्वास्थ्य मंत्री खालिद अब्देल गफ्फार ने बताया कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि मृतकों की संख्या अभी शुरुआती है और इसमें बढ़ोतरी हो सकती है।
राष्ट्रपति अब्देल-फतह अल-सिसी ने हादसे में मारे गए लोगों और घायलों के प्रति संवेदना जाहिर की।घटनास्थल पर भयावह मंजरसोशल मीडिया पर आए वीडियो में हादसे की जगह भयावह मंजर दिखाई दिया है। घटनास्थल पर जली हुई कारें, बाइक और सड़क पर बिखरा मलबा नजर आ रहा है। एक चश्मदीद ने उस समय मची अफरा-तफरी के बारे में बताते हुए कहा कि बहुत भयावह मंजर था।
उन्होंने कहा, "कारें जलकर खाक हो गई थीं और लोग उनके अंदर ही थे। उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।"कैसे लगी आग?मिस्र के सरकारी मीडिया ने बताया कि टैंकर पलटने के बाद पेट्रोल तेजी से फैल गया जिससे आग ने गाड़ियों को चपेट में ले लिया। अल-अहराम अखबार ने जांच से जुड़े सूत्रों के हवाले से बताया कि एक तेल टैंकर हाईवे से गुजर रहा था, तभी उसके सामने हाई-वोल्टेज तार गिर गया।
ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और टैंकर सड़क के बीच डिवाइडर को पारकर पलट गया। इसके बाद जोरदार आग लग गई। टैंकर एक प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर का बताया गया है।