कांग्रेस सांसद इमरान मसूद भगवान कृष्ण और राम पर की गई बयानबाजी पर नाराजगी जता रहे हैं। उन्होंने कहा है कि सनातनी बहुत बड़े दिल वाले होते हैं, जो मजाक बर्दाश्त कर लेते हैं। उन्होंने कहा है कि ऐसा बोलने की हिम्मत किसी की भी कैसे हो सकती है। दरअसल, वह कथा वाचक पंडित धीरेंद्र शास्त्री की तरफ से की गईं टिप्पणियों पर जवाब दे रहे थे।इमरान मसूद ने कहा, 'मतलब ये तो सनातनी बेचारे बहुत विशाल हृदय वाले होते हैं।

मजाक बर्दाश्त कर लेते हैं। ये अपनी आस्था के जो प्रतीक हैं उनके लिए भी मजाक को बर्दाश्त कर लेते हैं।' वह एबीपी न्यूज के कार्यक्रम में पहुंचे थे। उन्होंने कहा, 'ये बोलने की हिम्मत हो सकती है किसी की? भगवान कृष्ण के पैर की धूल के बराबर तुम्हारी औकात नहीं और तुम भगवान कृष्ण के बारे में क्या बोल रहे हो।'राम के नारे पर भी बोलेउन्होंने कहा, 'भगवान राम जिनको मर्यादा पुरुषोत्तम राम कहा गया।

जिनको इमाम हिंद कहा गया। राम नारा नहीं विश्वास है। ये भौतिकता की नहीं मन की प्यास है। राम नहीं मिलेंगे मंदिर के फेरों में। राम मिलेंगे शबरी के झूठे बेरों में। उन्होंने तो जातपात ऊंच नीच सबको बुला दिया था शबरी के बेर खा के। राम तो प्रेम का प्रतीक है। राम मिलेंगे हनुमान के सीने में। उन्होंने खोल करके दिखा दिया था कि ये हैं राम।'उन्होंने कहा, 'मैंने कहा ना ये सनातनी बड़े विशाल हृदय के लोग हैं।

हमारे यहां कोई कह के दिखा दो। मुसलमानों के अंदर बता दो आप। कोई कह के किसी की हैसियत नहीं है जो बोल देगा।'दरअसल, मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित रामकथा के दौरान शास्त्री ने भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना कर दी थी। उन्होंने कहा था कि श्रीराम सीधे हैं, जबकि श्रीकृष्ण तीन जगह से टेढ़े होकर खड़े होते हैं।

हालांकि, बाद में उन्होंने बयान को लेकर माफी मांग ली थी।सीट शेयरिंग पर जारी है तनावखास बात है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर तनाव का दौर जारी है। दरअसल, इसकी शुरुआत सपा की तरफ से पहले कांग्रेस को 26 सीटें दिए जाने से हुई और बाद में जब पार्टी ने 5 सीटों पर उम्मीदवार ही घोषित कर दिए, तो बात और बिगड़ती नजर आई।

खास बात है कि सपा ने मसूद के संसदीय क्षेत्र में भी दो उम्मीदवार उतार दिए हैं। खबरें थीं कि कांग्रेस यहां पर अपना उम्मीदवार उतरना चाहती थी। बहरहाल, इसे लेकर आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।मसूद ने कहा था, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप मुझसे लड़ना चाहते हैं, कांग्रेस से या भाजपा से। यह तय होना चाहिए कि हम भाजपा से लड़ना चाहते हैं या आपस में ही लड़ते रहना चाहते हैं।' उन्होंने बाद में पीटीआई वीडियो से कहा, 'हम कोई भीख नहीं मांग रहे हैं।

समझौता ऐसा होना चाहिए जो दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य और सम्मानजनक हो।' इमरान मसूद के सामने विकल्प खत्म?एजेंसी वार्ता के अनुसार, राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि सपा के दोनों उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद इमरान मसूद के सामने विकल्प सीमित हो गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, अब वह शाहनवाज खान को सहारनपुर नगर सीट से कांग्रेस का उम्मीदवार बनाने पर विचार कर सकते हैं।

हालांकि, शाहनवाज खान ने भी इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।इस दौरान मसूद ने बसपा सुप्रीमो मायावती की तारीफ करते हुए कहा कि यदि वह सक्रिय होकर बाहर निकलें तो राजनीतिक हालात बदल सकते हैं। सपा और कांग्रेस ने 2022 का विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनाव में 'इंडिया' गठबंधन के तहत साथ आकर प्रदेश की 80 में से 43 सीटों पर जीत हासिल की थी।

दोनों दलों ने आखिरी बार 2017 में विधानसभा चुनाव साथ लड़ा था, जिसमें सपा को 47 और कांग्रेस को सात सीटें मिली थीं।