राजीव प्रजापति, नूंह: तावडू उपमंडल के सहसोला गांव में ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर परियोजना की निर्माणाधीन टनल में धंसाव का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रात करीब एक बजे टनल का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर जमीन में धंस गया। इस बार धंसाव आबादी क्षेत्र तक पहुंच गया, जिसकी चपेट में आकर एक मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया।
करीब 80 फीट चौड़े और डेढ़ एकड़ लंबे हिस्से में हुए धंसाव के बाद आसपास के मकानों में भी बड़ी दरारें आ गईं। जमीन हिलने और तेज आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। दहशत के चलते कई परिवार अपने मकानों पर ताला लगाकर खुले में रहने को मजबूर हैं।दोपहर को भी धंसा था टनल का हिस्साजानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे भी टनल का एक हिस्सा धंस गया था।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना रेलवे कर्मचारियों को दी थी। लेकिन रात करीब एक बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज आई। इसके बाद टनल का बड़ा हिस्सा धंस गया। घटना में अली मोहम्मद का मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय वह मकान में मौजूद नहीं थे जिससे बड़ा हादसा टल गया।अपना मकान छोड़ किराये के मकान में रह रहा परिवारसहसोला पट्टी पटुका निवासी अली मोहम्मद ने बताया कि मंगलवार दोपहर उनके घर से कुछ दूरी पर टनल का हिस्सा धंस गया था।
उन्होंने तुरंत रेलवे कर्मचारियों को इसकी सूचना दी। रात करीब एक बजे अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो टनल का बड़ा हिस्सा जमीन में धंस चुका था और उनका मकान भी इसकी चपेट में आकर जमींदोज हो गया। उन्होंने बताया कि वह फिलहाल किराये के मकान में रह रहे हैं। उनके अनुसार उन्हें प्रति माह 30 हजार रुपये किराया मिल रहा है।दो महीने से जारी है धंसावग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब दो महीने से टनल में धंसाव की घटनाएं सामने आ रही हैं।
अब तक 8 से 9 मकानों में दरारें आ चुकी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर करीब पांच मकानों पर ताले लगे हुए हैं। इनमें अली मोहम्मद, ताहिर, अब्बास, अरशद और सद्दाम के मकान शामिल हैं। मंगलवार रात की घटना में अली मोहम्मद का मकान पूरी तरह ढह गया, जबकि आसपास के कई मकानों में नई दरारें आ गईं।ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता और ब्लास्टिंग पर उठाए सवालगांव के पूर्व सरपंच जहीर अब्बास और ग्रामीण अली मोहम्मद ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
उनका आरोप है कि टनल निर्माण के दौरान निर्धारित मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। टनल के अंदर सरिया पर्याप्त दूरी पर लगाया गया है। ग्रामीणों का दावा है कि सुरंग अरावली पहाड़ियों तक पहुंचने के बाद चट्टानों को काटने के लिए हैवी ब्लास्टिंग की जा रही है। ब्लास्टिंग के दौरान जमीन में कंपन होता है, जिसका असर आसपास के मकानों और टनल पर पड़ रहा है।
हालांकि एचआरआईडीसी के निदेशक राजीव रंजन ने इन आरोपों से इनकार किया है।5 अक्टूबर से शुरू हुआ था धंसावहरियाणा रेल इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (एचआरआईडीसी) के निदेशक राजीव रंजन ने बताया कि अरावली पहाड़ की चट्टानों से पहले 5 अक्टूबर को धंसाव शुरू हुआ था। धीरे-धीरे यह बढ़ता हुआ आबादी क्षेत्र तक पहुंच गया।
टनल के आसपास 100 मीटर के दायरे में अभी भी खतरा बना हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर आवागमन रोक दिया गया है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की चेतावनी दी गई है। उन्होंने बताया कि रविवार और मंगलवार को धंसाव की आशंका पहले ही जताई गई थी। करीब पांच मकान प्रभावित हुए हैं। एक मकान को मंगलवार को काफी नुकसान पहुंचा है।
हालांकि अभी धंसाव के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम करेगी तकनीकी जांचधंसाव के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तीन सदस्यीय उच्चस्तरीय विशेषज्ञ टीम गठित की गई है। टीम में आईआईटी के एक प्रोफेसर और रेलवे के एक सेवानिवृत्त अधिकारी समेत तीन विशेषज्ञ शामिल हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच शुरू कर दी है।
जांच में यह पता लगाया जाएगा कि धंसाव किस तकनीकी वजह से शुरू हुआ और लगातार इसका दायरा क्यों बढ़ रहा है।माइक्रो पाइलिंग का काम शुरू, मुआवजा एक सप्ताह मेंराजीव रंजन ने बताया कि संभावित नुकसान वाले क्षेत्रों में इमारतों को सुरक्षित रखने के लिए माइक्रो पाइलिंग का काम शुरू कर दिया गया है। प्रभावित परिवारों को तीन महीने का अग्रिम किराया दिया जा चुका है।
क्षतिग्रस्त सरकारी और निजी भवनों का मुआवजा भी मंजूर हो चुका है। इसकी राशि रेल विकास निगम की ओर से एक सप्ताह के भीतर जारी की जाएगी। किसानों के फसल मुआवजे में बैंक खातों से जुड़ी तकनीकी दिक्कतों को भी दूर कर लिया गया है। जल्द ही यह राशि किसानों के खातों में भेजी जाएगी।