भारत में किसी व्यक्ति की आर्थिक स्थिति उसके जीवन और मृत्यु के जोखिम को कितना प्रभावित करती है, इसे लेकर एक अध्ययन में अहम निष्कर्ष सामने आए हैं। इसके मुताबिक, सबसे अमीर परिवारों के पुरुषों में कामकाजी उम्र के दौरान मौत का जोखिम सबसे गरीब परिवारों के पुरुषों की तुलना में 62 फीसदी कम है। महिलाओं में भी सबसे अमीर परिवारों की महिलाओं के लिए मौत का जोखिम सबसे गरीब परिवारों की महिलाओं से 42 फीसदी कम पाया गया।यह अध्ययन भारत में 15 से 59 वर्ष की उम्र के लोगों की मृत्यु के आंकड़ों पर आधारित है।
इसमें सामने आया कि जाति और धर्म की तुलना में परिवार की संपत्ति और आर्थिक स्थिति वयस्कों के जीवित रहने की संभावना को अधिक प्रभावित करती है। हालांकि, अनुसूचित जाति की महिलाओं में मृत्यु का जोखिम अब भी अधिक बना हुआ है, जबकि मुस्लिम पुरुषों में ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों की तुलना में मृत्यु का जोखिम कम पाया गया।दो दशक के आंकड़ों पर आधारित अध्ययनइंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, यह अध्ययन Demographic Research नामक पीयर-रिव्यू जर्नल में प्रकाशित हुआ है।
इसे मैक्स प्लैंक इंस्टीट्यूट फॉर डेमोग्राफिक रिसर्च के मोरध्वज धाकड़ और इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर पॉपुलेशन साइंसेज (IIPS) की नंदिता सैकिया ने किया है।शोधकर्ताओं ने राष्ट्रीय परिवार स्वास्थ्य सर्वेक्षण (NFHS) के तीन दौर के आंकड़ों का विश्लेषण किया। इनमें 1998-99, 2015-16 और 2019-21 के सर्वेक्षण शामिल हैं।आंकड़ों के मुताबिक, सबसे गरीब परिवारों में हर 1000 पुरुषों में 15 से 59 वर्ष की उम्र के दौरान मौत की संभावना 280 थी।
वहीं, सबसे अमीर परिवारों में यह आंकड़ा 158 रहा। महिलाओं में सबसे गरीब परिवारों के लिए यह आंकड़ा 1000 में 157 और सबसे अमीर परिवारों में 87 था।जाति, धर्म, ग्रामीण-शहरी निवास और राज्यों के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी आर्थिक स्थिति का असर बना रहा। सबसे अमीर 20 फीसदी परिवारों के पुरुषों में सबसे गरीब 20 फीसदी परिवारों के पुरुषों की तुलना में मृत्यु का जोखिम 62 फीसदी कम था।
महिलाओं में यह अंतर 42 फीसदी रहा।मुस्लिम पुरुषों में मृत्यु का जोखिम कमअध्ययन में जाति और धार्मिक समूहों के बीच भी मृत्यु के जोखिम का अंतर सामने आया। शोधकर्ताओं के मुताबिक, अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के पुरुषों में अधिक मृत्यु जोखिम का बड़ा हिस्सा उनकी आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियों से जुड़ा है।2019-21 के आंकड़ों में:अनुसूचित जाति के पुरुषों में मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 256 रही।अनुसूचित जनजाति के पुरुषों में यह आंकड़ा 254 था।ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों में मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 197 रही।वहीं, अनुसूचित जाति की महिलाओं में आर्थिक स्थिति और भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखने के बाद भी ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं की तुलना में मृत्यु का जोखिम 19 फीसदी अधिक पाया गया।अध्ययन में मुस्लिम पुरुषों को लेकर भी एक अहम निष्कर्ष सामने आया।
तीनों सर्वेक्षण दौर में मुस्लिम पुरुषों में ऊंची जाति के हिंदू पुरुषों की तुलना में वयस्क मृत्यु का जोखिम लगातार कम पाया गया। 2019-21 के सर्वेक्षण में आर्थिक स्थिति, निवास स्थान और राज्य के अंतर को ध्यान में रखने के बाद भी मुस्लिम पुरुषों में मृत्यु का जोखिम 21 फीसदी कम था।शोधकर्ताओं ने इसके संभावित कारणों में मुस्लिम वयस्कों में शराब का कम सेवन और कई राज्यों में मुस्लिम आबादी का अधिक शहरीकरण शामिल किया है।
उनके मुताबिक, शहरी क्षेत्रों में अधिक आबादी होने से स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच बेहतर हो सकती है।हालांकि, मुस्लिम महिलाओं में ऐसा अंतर नहीं मिला। नवीनतम सर्वेक्षण में आर्थिक और अन्य परिस्थितियों को ध्यान में रखने के बाद मुस्लिम महिलाओं और ऊंची जाति की हिंदू महिलाओं के मृत्यु जोखिम में कोई महत्वपूर्ण अंतर नहीं पाया गया।महिलाओं की मृत्यु दर में तेजी से सुधारअध्ययन में यह भी सामने आया कि पिछले दो दशक में महिलाओं की वयस्क मृत्यु दर में पुरुषों की तुलना में तेजी से सुधार हुआ है।
1998-99 में 15 से 59 वर्ष की उम्र के बीच महिलाओं की मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 208 थी, जो 2019-21 में घटकर 125 रह गई। यानी इसमें करीब 40 फीसदी की कमी आई।इसी अवधि में पुरुषों की मृत्यु की संभावना प्रति 1000 पर 268 से घटकर 221 हुई। पुरुषों में करीब 17 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। हालांकि, पुरुषों की वयस्क मृत्यु दर 2015-16 से 2019-21 के बीच बढ़ी।
इस दौरान आंकड़ा 1000 में 209 से बढ़कर 221 हो गया। शोधकर्ताओं ने इसका बड़ा कारण कोरोना महामारी के दौरान पुरुषों की अतिरिक्त मौतों और कामकाज से जुड़ी जोखिमपूर्ण परिस्थितियों को बताया।