चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं को अब वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। केंद्र सरकार ने इन पुरस्कार विजेताओं के लिए पहले से उपलब्ध मुफ्त रेल यात्रा सुविधा का दायरा बढ़ा दिया है। अब यह सुविधा सभी ट्रेनों में लागू होगी, जबकि उनके मौजूदा यात्रा अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।भारतीय सेना ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस फैसले की जानकारी शेयर की।

सेना के मुताबिक, रेल मंत्रालय ने रक्षा मंत्रालय से परामर्श के बाद चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त रेल यात्रा सुविधा को बढ़ाया है।वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में मिलेगी सुविधासेना ने अपने पोस्ट में कहा कि वीरता का सम्मान करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल के तहत चक्र सीरीज के पुरस्कार विजेताओं के लिए मुफ्त ट्रेन यात्रा की सुविधा को बढ़ाया गया है।

अब यह सुविधा वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में उपलब्ध होगी। हालांकि, इस बदलाव के साथ पुरस्कार विजेताओं को पहले से मिलने वाली यात्रा सुविधाओं और अधिकारों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।वीरता और बलिदान का सम्मान करने की पहलभारतीय सेना ने इस फैसले को देश के वीरों के साहस, बलिदान और सेवा के प्रति सम्मान से जुड़ी पहल बताया है।

सेना के मुताबिक, यह कदम देश के योद्धाओं के योगदान को पहचानने और उनके सम्मान के लिए रेलवे तथा रक्षा मंत्रालय की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।कौन-कौन से हैं चक्र सीरीज के वीरता पुरस्कार?आजादी के बाद सरकार ने सबसे पहले तीन वीरता पुरस्कार शुरू किए थे। इनमें परमवीर चक्र, महावीर चक्र और वीर चक्र शामिल हैं।

इन पुरस्कारों की स्थापना 26 जनवरी 1950 को की गई थी, हालांकि इन्हें 15 अगस्त 1947 से प्रभावी माना गया। इसके बाद तीन अन्य वीरता पुरस्कार भी शुरू किए गए। छह वीरता पुरस्कारों का वरीयता क्रम इस प्रकार है:परमवीर चक्रअशोक चक्रमहावीर चक्रकीर्ति चक्रवीर चक्रशौर्य चक्ररेलवे की पुरानी व्यवस्था में इन पुरस्कार विजेताओं को कॉम्प्लिमेंट्री कार्ड पास दिए जाते थे।

इस सुविधा के तहत पात्र पुरस्कार विजेताओं को जीवनभर रेल यात्रा की सुविधा मिलती थी। रेलवे के पुराने नियमों में यात्रा की श्रेणी और किन ट्रेनों में यह पास मान्य होगा, इसकी अलग-अलग व्यवस्था थी।रेलवे ने समय-समय पर इस सुविधा में बदलाव भी किए हैं। फरवरी 2014 में परमवीर चक्र और महावीर चक्र विजेताओं के कॉम्प्लिमेंट्री पास को राजधानी, शताब्दी और दुरंतो जैसी ट्रेनों में प्रथम एसी या एग्जीक्यूटिव क्लास में यात्रा के लिए भी मान्य किया गया था।

अगस्त 2017 में अशोक चक्र और कीर्ति चक्र विजेताओं को भी समान मुफ्त रेल यात्रा सुविधा देने का फैसला किया गया। अब नई व्यवस्था के तहत इस सुविधा का विस्तार सभी ट्रेनों तक किया गया है, जिससे पहले की ट्रेन-विशेष सीमाओं का दायरा और व्यापक हो गया है।