नगर पंचायत अजुहा के वार्ड नंबर चार स्थित रसूलपुर मढ़िया मई में रविवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के पश्चिम स्थित भैंसईहा तालाब के किनारे एक किशोर का शव मिला। मृतक की पहचान छोटू (14) पुत्र स्वर्गीय रामलखन के रूप में हुई है। वह वार्ड नंबर चार का निवासी था। परिजनों के मुताबिक, किशोर शनिवार शाम करीब आठ बजे शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था।
देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। रविवार सुबह तालाब किनारे शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। परिजनों और ग्रामीणों ने किशोर की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।