इलाहाबाद हाईकोर्ट में एक न्यायमूर्ति के कोर्ट रूम में 28 अक्तूबर को हुई घटना के मामले में कैंट थाने में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। यह प्राथमिकी इलाहाबाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार इंद्रकांत शुक्ला की तहरीर पर दर्ज की गई है। आरोप है कि कुछ लोगों ने न्यायालय में हंगामा किया और न्यायाधीशों के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया।

इसके बाद कोर्ट की कार्यवाही समाप्त होने पर राज्य सरकार के सरकारी अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों के साथ अभद्रता की गई। न्यायालय के फर्नीचर को भी इधर-उधर किया गया और सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाई गई। हाईकोर्ट की खंडपीठ ने 29 अक्तूबर को घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए आपराधिक कार्रवाई के निर्देश दिए थे।

इसके बाद हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार ने 19 नवंबर को पुलिस कमिश्नर को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। रजिस्ट्रार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।