कानपुर में वैट अवधि के पुराने नोटिसों में जमा चालान हटाकर व्यापारी से अवैध वसूली के प्रयास की शिकायत के बाद एसजीएसटी कार्यालय में तैनात स्टेनो आनंद गुप्ता को निलंबित कर दिया गया है। ऑडियो साक्ष्य के साथ शिकायत के बाद हुई जांच के बाद लखनऊ स्थित मुख्यालय ने कार्रवाई की है। उसे लखनपुर स्थित कार्यालय से हटाकर प्रयागराज स्थित कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
अपर आयुक्त ग्रेड एक सान्या छाबड़ा ने कार्रवाई की पुष्टि की है। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेश मिश्र ने बताया कि कानपुर मोबाइल डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीरज बलेचा की फर्म से जुड़ा मामला था। खंड-2 के स्टेनो आनंद गुप्ता ने जमा चालान होने के बावजूद लगभग 1.05 लाख रुपये की मांग का नोटिस भेजा था।