Kanpur News: कानपुर के कोकाकोला क्रॉसिंग से पुलिस ने डी-2 गैंग के मृत बदमाश सईद नाटे की पत्नी निक्की और उसके सहयोगी फैसल को 10 करोड़ रुपये की चरस समेत दबोचा है। मुंबई में रहकर गिरोह चला रही निक्की नेपाल से सस्ते दामों में मादक पदार्थ खरीदकर यूपी के रास्ते अजमेर शरीफ होते हुए मुंबई सप्लाई करने की तैयारी में थी।
कानपुर में हिस्ट्रीशीटर और डी-2 गैंग के सदस्य रहे सईद नाटे की पत्नी निक्की उर्फ साजिया सिद्दकी और साथी फैसल को पुलिस ने बृहस्पतिवार को कोकाकोला क्राॅसिंग के पास से 10 किलो चरस के साथ गिरफ्तार कर लिया। यह कर्नलगंज निवासी हैं। चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 10 करोड़ के आसपास बताई जा रही है।
नाटे की हत्या के बाद निक्की ने संभाला तस्करी का धंधा निक्की ने बताया कि पति सईद नाटे 2012 में पार्षदी के चुनाव की तैयारी कर रहे थे तभी उनके दुश्मनों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। बच्चे छोटे होने से घर के बाहर परचून की दुकान खोली लेकिन आमदनी कम और खर्चा अधिक होने के कारण दुकान बंद करनी पड़ी। पति के गिरोह के ही गुर्गे ने उसे चरस तस्करी के धंधे में शामिल करा दिया। कुछ दिन बाद वही प्रभावशाली गुर्गा उसे बच्चों समेत मुंबई ले गया। करीब 10 साल से वह मुंबई में रहकर चरस की तस्करी कर रही है। वह नेपाल और बिहार से सस्ते दाम पर चरस खरीदती है और लखनऊ, कानपुर में सप्लाई करते हुए अजमेर शरीफ के रास्ते मुंबई ले जाती है।
कानपुर न आने की मिली थी चेतावनी पुलिस ने बताया कि बृहस्पतिवार से पहले भी निक्की ने कानपुर आने का प्रयास किया था लेकिन किसी ने उसे फोन पर यह कहकर रोक दिया था कि यहां बहुत खतरा है। यहां मत आना। लेकिन 10 किलो सस्ती चरस के लालच के चलते वह खुद को रोक न सकी और पुलिस के जाल में फंस गई।
कर्नलगंज, बजरिया और बेकनगंज बना तस्करी का केंद्र पुलिस के सूत्रों के अनुसार, कर्नलगंज, बेकनगंज और चमनगंज आदि इलाके चरस तस्करी के प्रमुख केंद्र बने हुए हैं। यहां बड़े पैमाने पर अफीम, गांजा और चरस की तस्करी की जाती है। तीन तारीख को बजरिया के कंघी मोहाल निवासी शबनम बेगम उर्फ चच्ची को तीन किलो चरस के साथ पकड़ा गया था। शबनम अपने प्रेमी रियाज खटोला के तस्करी के धंधे में शामिल हो गई थी। यहां से नशीले पदार्थों की बिक्री काकादेव, स्वरूपनगर, आर्यनगर, रावतपुर और कल्याणपुर आदि इलाकों में की जाती है।
निक्की को तस्करी में लाने वाले मुंबई के तस्कर के साथ ही कानपुर के नेटवर्क का पता किया जा रहा है। पुलिस की एक टीम अभी भी सक्रिय है। जल्द ही कुछ और आरोपियों के साथ चरस की बरामदगी की जाएगी। -डॉ. अतुल श्रीवास्तव, डीसीपी सेंट्रल