आगरा के मंसुखपुरा क्षेत्र में गांव पापड़ी नगर के मूल निवासी आढ़ती रामलखन की दिल्ली में मौत के बाद उनके दोनों परिवारों के बीच गाजियाबाद के खोड़ा में संपत्ति विवाद गहरा गया। गाजीपुर मंडी में आढ़त चलाने वाले रामलखन पैंक्रियाटिक कैंसर से पीड़ित थे और बुधवार रात दिल्ली के आरएमएल अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हुआ।

बृहस्पतिवार सुबह करीब 10:30 बजे शव खोड़ा स्थित उनके आवास पर पहुंचते ही पहली पत्नी नीलम और आगरा स्थित गांव से पहुंची दूसरी पत्नी कोमल ने एक साथ मोर्चा खोल दिया। दोनों ने रामलखन की मां, बहन नर्मदा और ननदोई पर संपत्ति हड़पने के लिए धीमा जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए पांच घंटे तक हंगामा किया। खास बात यह रही कि तलाक के मुकदमे के बावजूद पहली पत्नी और दूसरी पत्नी आरोप लगाने में एकजुट दिखीं, जबकि हंगामे के डर से मां और बहन अंतिम दर्शन तक नहीं पहुंचीं।

पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर आगरा स्थित पैतृक गांव लौटे। डीसीपी ट्रांस हिंडन ऋजुल ने बताया कि रामलखन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शव को परिजन आगरा ले गए हैं, जहां अंतिम संस्कार किया गया है।