कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के राष्ट्रीय सह-संयोजक सौरभ दास ने अपने कथित 'नेपाली मूल' और असली नाम 'योगेश शर्मा' होने के विवाद पर खुलकर सफाई दी है। इंटरनेशनल शो 'पियर्स मॉर्गन अनसेंसर्ड' पर बातचीत के दौरान उन्होंने साफ किया कि उनका जन्म दिल्ली में हुआ है और वे इसे साबित कर सकते हैं। हालांकि, उन्होंने यह स्वीकार किया कि उनकी मां के परिवार की जड़ें नेपाल से जुड़ी हो सकती हैं।यह पूरा विवाद उस समय और गहरा गया जब 23 नवंबर की रात सौरभ दास को लंदन जाने वाली फ्लाइट पकड़ने से पहले दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) एयरपोर्ट पर रोक दिया गया।

वे ऑक्सफोर्ड यूनियन, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) और एडिनबर्ग यूनिवर्सिटी के कार्यक्रमों में शामिल होने जा रहे थे।क्या है 'नेपाली मूल' और 'योगेश शर्मा' का विवाद?इस विवाद की शुरुआत 30 अक्टूबर को मद्रास हाईकोर्ट में दायर एक जनहित याचिका (PIL) से हुई। तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के एक कारोबारी गणेश कुमार ने यह याचिका दायर की थी।

याचिका में मुख्य रूप से ये आरोप लगाए गए हैं-सौरभ दास का असली नाम योगेश शर्मा है और उनका पारिवारिक मूल नेपाल से जुड़ा है।उन्होंने अपनी पहचान और नेपाली मूल से जुड़े तथ्य छिपाकर धोखे से भारत में आधार कार्ड, वोटर आईडी और पासपोर्ट बनवाया।याचिकाकर्ता ने उन पर न्यायपालिका के खिलाफ अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए उनके दस्तावेजों और फंडिंग की जांच, पासपोर्ट-आधार रद्द करने तथा एक्स (X) और इंस्टाग्राम अकाउंट ब्लॉक करने की मांग की।इस याचिका पर सुनवाई करते हुए मद्रास हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एस.

ए. धर्माधिकारी और न्यायमूर्ति जी. अरुल मुरुगन की पीठ ने केंद्र सरकार, क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी और 10 अन्य पक्षों को नोटिस जारी कर छह सप्ताह में जवाब मांगा था।इंटरनेशनल शो पर सौरभ दास की दो टूक सफाईब्रिटिश पत्रकार पियर्स मॉर्गन के शो में जब सौरभ दास से उनके जन्मस्थान, बर्थ सर्टिफिकेट, पिता के नाम और नेपाली कनेक्शन पर सीधे सवाल पूछे गए, तो उन्होंने कुछ इस तरह अपना पक्ष रखा-नेपाल कनेक्शन पर: नेपाल में जन्म होने के दावे को सिरे से खारिज करते हुए सौरभ ने कहा कि वे और उनका परिवार पूरी जिंदगी भारत में ही रहे हैं।

उन्होंने माना कि उनकी मां के पक्ष (ननिहाल) का जुड़ाव नेपाल से हो सकता है, लेकिन भारत में करोड़ों लोगों का ऐसा पारिवारिक इतिहास है। उनके मुताबिक इस मामले में बेवजह 'राई का पहाड़' बनाया जा रहा है।जन्मतिथि और जन्मस्थान: सौरभ ने बताया कि उनका जन्म 15 जनवरी 1999 को दिल्ली में हुआ और उनकी उम्र 27 साल है। बर्थ सर्टिफिकेट न होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि उनकी पीढ़ी के बहुत से भारतीयों के पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है और सरकार खुद इसमें छूट देती है।

उन्होंने दावा किया कि वे दिल्ली में अपने जन्म को कानूनी रूप से साबित कर सकते हैं।पिता के नाम और पासपोर्ट नोटिस पर: मीडिया रिपोर्ट्स में पिता के अलग-अलग नाम और जन्मतिथि में गड़बड़ी की बात सामने आई थी। इस पर सौरभ ने कहा कि उनके सभी दस्तावेजों में पिता का नाम एक ही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चेन्नई पासपोर्ट कार्यालय से मिले कारण बताओ नोटिस में केवल जन्मस्थान को लेकर स्पष्टीकरण मांगा गया है।याचिका की वैधता पर सवाल: सौरभ का तर्क है कि वे किसी सरकारी या संवैधानिक पद पर नहीं, बल्कि एक निजी नागरिक हैं।

इसलिए उनके खिलाफ जनहित याचिका (PIL) कानूनन सुनवाई योग्य ही नहीं है।एयरपोर्ट पर रोके जाने की टाइमिंग पर उठे सवालसौरभ दास ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि मद्रास हाईकोर्ट में याचिका दायर होने के करीब एक महीने बाद, ठीक उनकी लंदन फ्लाइट से 5 घंटे पहले ईमेल पर नोटिस भेजा गया ताकि वे अदालत न जा सकें।

नोटिस में उन्हें 7 दिन के भीतर जवाब देने और तब तक पासपोर्ट का इस्तेमाल न करने को कहा गया था। सौरभ के अनुसार, 2019 में जारी हुए इसी पासपोर्ट पर वे पहले नॉर्वे और थाइलैंड की यात्रा बिना किसी परेशानी के कर चुके हैं।भाजपा का पक्ष: 'सौरभ भारतीय हैं, पर जांच से छूट नहीं'इसी शो में शामिल हुईं भाजपा की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाजिया इल्मी ने सरकार का बचाव किया।

जब पियर्स मॉर्गन ने पूछा कि क्या सरकार उन्हें भारतीय नहीं मानती, तो शाजिया ने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि सौरभ भारतीय हैं।हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चेन्नई पासपोर्ट कार्यालय (जहां भाजपा की सरकार भी नहीं है) ने मद्रास हाईकोर्ट के नोटिस के बाद पासपोर्ट अधिनियम के तहत यह नियमित जांच शुरू की है।

उन्होंने कहा कि सौरभ का पासपोर्ट जब्त नहीं किया गया है, बल्कि सिर्फ स्पष्टीकरण मांगा गया है। शाजिया ने तंज कसते हुए कहा कि राजनीतिक सक्रियता किसी को भी दस्तावेजों के कानूनी सत्यापन से छूट नहीं दे सकती। फिलहाल, बिना किसी औपचारिक आदेश या लुकआउट सर्कुलर (LOC) दिखाए एयरपोर्ट पर रोके जाने के खिलाफ सौरभ दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।