वडोदरा: पश्चिम बंगाल की बहरामपुर लोकसभा सीट से सांसद और पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान को गुजरात की बीजेपी सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। भारी राजनीतिक हंगामे, तीखी बहस और विरोध-प्रदर्शनों के बीच बीजेपी शासित वडोदरा नगर निगम (VMC) ने बहुमत से एक प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इसके तहत यूसुफ पठान को तंडलजा इलाके में 978 वर्ग मीटर का एक अहम प्लॉट आवंटित किया गया है।
कांग्रेस पार्षदों ने इसका कड़ा विरोध किया था।बीजेपी-कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक23 अक्टूबर को स्थायी समिति की ओर से सर्वसम्मति से पास किए गए इस प्रस्ताव पर नगर निगम की आम सभा में भारी हंगामा हुआ। इस दौरान बीजेपी और कांग्रेस पार्षदों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि यूसुफ पठान की ओर से एनडीए को समर्थन देने के बाद बीजेपी के नेतृत्व वाली गुजरात सरकार ने अपना रुख बदल लिया है।
इस मंजूरी की पुष्टि करते हुए मेयर गीता मकवाना ने बताया कि यह प्रस्ताव राज्य सरकार की ओर से आया था।वडोदरा मेयर ने क्या कहा?बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि विपक्ष के विरोध के कारण कुछ विवाद हुआ, लेकिन चूंकि यह प्रस्ताव राज्य सरकार की ओर से आया था, इसलिए हमने इसे बहुमत से पास कर दिया।
जब उनसे पूछा गया कि क्या जमीन मांगने वाले अन्य क्रिकेटरों को भी ऐसी ही सुविधा मिलेगी, तो मकवाना ने कहा कि अगर राज्य सरकार की ओर से कोई प्रस्ताव आता है, तो हम उस पर उसी हिसाब से चर्चा करेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह आवंटन नियमों और कानूनों के दायरे में रहकर ही किया गया है।कैसे शुरू हुआ हंगामादरअसल नगर निगम की आम सभा में तब तीखी बहस छिड़ गई जब पार्षद आशीष जोशी ने यूसुफ पठान के लिए बीजेपी के समर्थन पर सवाल उठाया।
उन्होंने टिप्पणी की कि मेरी नजर में जो कोई भी यूसुफ पठान का समर्थन कर रहा है। वह खुद भी एक पठान है। इस बयान से भारी हंगामा मच गया। बीजेपी पार्षद अजय डाभी ने पलटवार करते हुए उन्हें आशीष पठान कहा। इसके बाद सत्ताधारी दल के पार्षदों ने बार-बार आशीष पठान के नारे लगाने शुरू कर दिए।कांग्रेस ने उठाए तीखे सवालजोशी ने यह भी पूछा कि बीजेपी ने हरनी नाव हादसे में जान गंवाने वाले 14 लोगों (जिनमें 12 बच्चे शामिल थे) के परिवारों को 25-25 लाख रुपये देने का प्रस्ताव क्यों खारिज कर दिया, जबकि दूसरी ओर पठान को 20 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की जमीन पर रियायत दे दी गई।
कांग्रेस पार्षद पुष्पा वाघेला और दीपा श्रीवास्तव ने भी इस आवंटन का कड़ा विरोध किया। निगम मुख्यालय के बाहर परिसर में घुसने की कोशिश कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने रोक दिया। इसके चलते वहां धक्का-मुक्की भी हुई।प्रस्ताव के खिलाफ कोर्ट जाने की धमकीशहर कांग्रेस अध्यक्ष समेत कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में लेकर गोत्री पुलिस स्टेशन ले जाया गया, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
कांग्रेस पार्षद तीर्थ ब्रह्मभट्ट इस फैसले का विरोध करने के लिए पठानी पोशाक पहनकर पहुंचे। उन्होंने सवाल उठाया कि वडोदरा की रहने वाली महिला क्रिकेटर राधा यादव ने खेल से जुड़े विकास कार्यों के लिए जमीन मांगी थी। उन्हें ऐसी रियायत क्यों नहीं दी गई? उन्होंने पार्षदों के लिए ऑफिस की जगह पत्रकारों के लिए रहने के प्लॉट और हरनी नाव हादसे के पीड़ितों के लिए मुआवजे की मांग करते हुए ज्ञापन भी सौंपा।
वरिष्ठ कांग्रेस पार्षद चंद्रकांत श्रीवास्तव ने चेतावनी दी कि अगर यह प्रस्ताव पास हो जाता है, तो पार्टी कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी।पास किए गए प्रस्ताव में क्यादरअसल मंजूर किए गए प्रस्ताव के तहत 500 वर्ग मीटर का प्लॉट यूसुफ पठान को रहने के लिए मुफ्त में दिया जाएगा। जबकि बाकी 478 वर्ग मीटर जमीन उसकी तय कीमत के 55 प्रतिशत पर दी जाएगी।
यानी इसमें 45 प्रतिशत की छूट मिलेगी। इस प्लॉट की अनुमानित बाजार कीमत 20.53 करोड़ रुपये है। मुफ्त में दी गई जमीन के बदले राज्य का राजस्व विभाग वडोदरा नगर निगम को उतनी ही कीमत की दूसरी जमीन देगा।यूसुफ पठान की जमीन का पूरा विवाद क्या?यह विवाद 2012 का है। जब यूसुफ पठान ने अपने पारिवारिक घर से सटी जमीन को 99 साल की लीज पर लेने की मांग की थी।
राज्य सरकार ने 2014 में इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और कहा कि इसके लिए पब्लिक ऑक्शन या खुली बोली होनी चाहिए। इसके बाद वडोदरा नगर निगम ने जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए 2024 में पठान को नोटिस जारी किया। अगस्त 2025 में गुजरात हाई कोर्ट ने भी इस फैसले को सही ठहराया और कहा कि लंबे समय तक कब्जे में रखने से कोई कानूनी अधिकार नहीं मिल जाता।
31 अगस्त 2026 को यूसुफ पठान ने बिना किसी शर्त के अपनी अपील वापस ले ली। इस आवंटन पर 'विश्वामित्री बचाओ समिति' ने भी आपत्ति जताई। उनका तर्क है कि यह 'डिस्टर्ब्ड एरिया एक्ट' के प्रावधानों और उसकी भावना के खिलाफ है। वहीं, गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा ने राज्य सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है।(इनपुट एजेंसी)