अहमदाबाद: गुजरात के मेहसाणा जिले में ठगी का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां ठगों ने एक मसाला व्यापारी को 500 रुपये के नकली नोटों के बंडल थमाकर 40 लाख रुपये की चपत लगा दी। इन नोटों पर बाकायदा ' चिल्ड्रन बैंक ऑफ इंडिया ', 'भारतीय मनोरंजन बैंक' और 'फाइव हंड्रेड कूपन' लिखा हुआ था। आरोपियों ने नकली नोटों को असली दिखाने के लिए बैंक के रैपर जैसे कागजों में लपेट रखा था।
अहमदाबाद की घाटलोदिया पुलिस ने जाल बिछाकर दो कूरियर कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।ऐसे रची ठगी की साजिशजानकारी के मुताबिक, ऊंझा के मसाला कारोबारी रोहितकुमार पटेल को महाराष्ट्र के नागपुर में अपने एक कारोबारी साथी से 40 लाख रुपये मिलने थे। इसके लिए ऑनलाइन अंगड़िया सर्विस की मदद ली गई थी।
तय हुआ था कि गुजरात में नकदी की डिलीवरी की पुष्टि होने के बाद नागपुर में रकम का भुगतान कर दिया जाएगा। 17 नवंबर को दो लोग ऊंझा सब्जी मंडी के पास मिलान थियेटर पहुंचे और व्यापारी को एक बैग सौंपा। इसमें 5-5 लाख रुपये के आठ बंडल थे। बैंक की तरह दिखने वाले रैपर देखकर कारोबारी के साथी ने 40 लाख रुपये का भुगतान कर दिया।
लेकिन बाद में जब बंडल खोले गए तो उनमें असली नोटों की जगह खिलौने वाले नकली नोट निकले।पुलिस ने ऐसे किया आरोपियों को गिरफ्तारठगी का पता चलने के बाद व्यापारियों ने उसी ऑनलाइन नेटवर्क के जरिए एक और कैश डिलीवरी का इंतजाम किया और पुलिस को सूचना दे दी। 19 नवंबर को अहमदाबाद के पारसनगर पेट्रोल पंप के पास पुलिस ने सादे कपड़ों में टीम तैनात की।
डिलीवरी देने पहुंचे नई दिल्ली के राहुलसिंह विजयसिंह ठाकुर और राजस्थान के मालचंद परमेश्वरलाल शर्मा को पुलिस ने पकड़ लिया। उनके पास से 17 बंडल बरामद हुए। इनमें 500 रुपये के कुल 1,666 नकली नोट थे। हर बंडल में 98 नोट रखे गए थे।दिल्ली से जुड़े ठगी के तारपूछताछ में मालचंद शर्मा ने बताया कि नोएडा में रहने वाले उसके भाई गजानन शर्मा ने उसे धनराज नाम के व्यक्ति से मिलवाया था।
धनराज के कहने पर दिल्ली के एक रेलवे स्टेशन के पास वरुण नाम के व्यक्ति से नकली नोटों के बंडल लिए गए थे। इसके बदले दोनों को 5-5 हजार रुपये कमीशन और ट्रेन का किराया देने का वादा किया गया था। पुलिस ने सभी पांच आरोपियों के विभिन्ना धाराओं में मामला दर्ज किया है।