अहमदाबाद : मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन के ट्रायल रन का रास्ता साफ हो गया। गुजरात में सूरत से बिलिमोरा के बीच के बुलेट ट्रेन ट्रैक में बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन (NHSRCL) ने एक वीडियो साझा करके लिखा है कि बस इंतजार करिए। बड़ा अपडेट आने वाला है।

एनएचएसआरसीएल ने ट्रायल रन की तरफ कदम बढ़ाने के संकेत दिए हैं। गुजरात में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुलेट ट्रेन की चलाने की तारीख 15 अगस्त तय की है।अप और डाउन दोनों लाइनों में पहुंची बिजलीNHSRCL ने लिखा है कि बुलेट ट्रेन के पहले सेक्शन यानी सूरत से बिलिमोरा को बिजली सप्लाई शुरू कर दी गई है। हम भारत में बुलेट ट्रेन के सपन के करीब पहुंच रहे हैं।

एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के सूरत–बिलिमोरा सेक्शन में ओवरहेड इक्विपमेंट (OHE) सिस्टम को गुरुवार को को सफलतापूर्वक ऊर्जीकृत (एनर्जाइज) किया गया। इस सेक्शन में एलिवेटेड अलाइनमेंट पर अप और डाउन, दोनों लाइनें शामिल हैं।

यह परियोजना में आगे की टेस्टिंग गतिविधियों की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रगति है।508KM में 14 ट्रैक्शन सब स्टेशनमुंबई–अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में अत्याधुनिक 2×25 kV ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। यह दुनिया भर में हाई-स्पीड रेल प्रणालियों में उपयोग की जाने वाली उन्नत विद्युतीकरण तकनीकों में से एक है।

इस 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में कुल 14 स्थानों पर ट्रैक्शन सब-स्टेशन (TSS) स्थापित किए गए हैं। ये सब-स्टेशन नेशनल ग्रिड से बिजली प्राप्त करेंगे और हाई-स्पीड ट्रेनों के संचालन के लिए ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम को बिजली की आपूर्ति करेंगे। गुजरात के नवसारी जिले में स्थित बिलिमोरा के पहले ट्रैक्शन सब-स्टेशन में कंट्रोल पैनल, चेंजओवर स्विच, ट्रांसफॉर्मर और सर्किट ब्रेकर बिल्डिंग में इंस्टॉलेशन का कार्य पूरा हो चुका है।

गुजरात में स्थित TSS को गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (GETCO) के 220 kV अंबेठा ग्रिड सब-स्टेशन से बिजली की आपूर्ति की जाएगी।50KM लंबा है बुलेट ट्रेन सेक्शनसूरत–बिलिमोरा सेक्शन में दोनों स्टेशनों के बीच लगभग 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड अलाइनमेंट शामिल है। इस अलाइनमेंट में चार नदियों पर बने पुल तथा नेशनल हाईवे-53 (NH-53) पर एक स्टील ब्रिज भी शामिल है।

आसपास के क्षेत्रों में शोर के प्रभाव को कम करने के लिए इस वायाडक्ट पर लगभग 94,000 नॉइज बैरियर्स भी लगाए गए हैं। ओवरहेड विद्युत प्रणाली के ऊर्जीकृत होने के साथ ही अलाइनमेंट के आसपास रहने वाले नागरिकों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे श्रमिकों तथा आम जनता को सख्त सलाह दी जाती है कि वे ओवरहेड विद्युत उपकरणों के पास न जाएं और न ही उन्हें छूने का प्रयास करें और उनके आसपास किसी भी प्रकार का अनधिकृत कार्य न करें।