मंगल ग्रह पर एक बार फिर वैज्ञानिकों को कुछ ऐसा मिला है, जिसने पानी की खोज की ओर कदम और आगे बढ़ा दिए हैं। NASA के क्यूरियोसिटी रोवर ने नाज्का नाम की जगह पर चट्टानों के भीतर डिस्क के आकार की अजीब संरचनाएं खोजी हैं। ये संरचनाएं देखने में बिल्कुल आलू के चिप्स जैसी लग रही हैं। वैज्ञानिकों का मानना है कि ये मंगल के भूगर्भीय इतिहास के लिए बहुत अहम सुराग साबित हो सकती हैं।नासा ने क्या बताया?दरअसल, नाज्का साइट की चट्टानों में कई तरह की क्रिस्टल जैसी बनावटें भी नजर आ रही हैं।

NASA ने अपने मिशन ब्लॉग में इन संरचनाओं की तुलना डिस्क के आकार के क्रिस्टल से की है। वैज्ञानिकों के लिए इनका आकार जितना दिलचस्प है, उससे कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण इनकी रासायनिक संरचना है। वैज्ञानिक यह जानने की कोशिश कर रहे हैं कि ये चिप्स जैसी संरचनाएं आखिर किस खनिज से बनी हैं। अंदर मौजूद खनिज यह बता सकता है कि ये चट्टानें कब और किन परिस्थितियों में बनीं।ब्लॉग में आगे बताया गया है कि क्यूरियोसिटी रोवर सिर्फ तस्वीरें खींचने का काम नहीं कर रहा है।

यह चट्टानों की गहन जांच भी कर रहा है। नाज्का साइट पर रोवर ने एक चट्टान में ड्रिल किया और नमूना निकाला। इस नमूने को रोवर के अंदर मौजूद छोटी केमिकल लैब में भेजा गया। यह लैब चट्टानों और मिट्टी में मौजूद रासायनिक तत्वों और यौगिकों का विश्लेषण करती है। इससे वैज्ञानिक यह पता लगा पाएंगे कि चट्टान किन पदार्थों से बनी है और उसका निर्माण किन हालात में हुआ।कौन-कौन से रासायनिक तत्व मौजूद?नासा ने बताया कि रोवर के पास ChemCam नाम का एक खास उपकरण भी है।

यह लेजर की मदद से काम करता है। लेजर की गर्मी से चट्टान की सतह का बहुत छोटा हिस्सा गर्म होकर प्लाज्मा बनाता है। इससे निकलने वाली रोशनी का अध्ययन करके वैज्ञानिक यह जान सकते हैं कि उस हिस्से में कौन-कौन से रासायनिक तत्व मौजूद हैं। नाज्का साइट पर वैज्ञानिकों ने Colca नाम की एक खास चिप जैसी संरचना को भी जांच के लिए चुना है।

इससे उन्हें क्रिस्टल के आसपास मौजूद चट्टानों और उनकी रासायनिक बनावट के बारे में और ज्यादा जानकारी मिल सकेगी।नजदीक से देखने को कैमरे का इस्तेमालइन क्रिस्टल जैसी संरचनाओं को और करीब से देखने के लिए वैज्ञानिकों ने रोवर के रोबोटिक आर्म पर लगे मार्स हैंड लेंस इमेजर (MAHLI) कैमरे का इस्तेमाल किया। रात के समय इनकी क्लोजअप तस्वीरें लेने की योजना बनाई गई।

इस दौरान सामान्य सफेद रोशनी के साथ-साथ अल्ट्रावॉयलेट LED लाइट का भी इस्तेमाल किया गया। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि सामान्य रोशनी में जो छोटे-छोटे विवरण साफ नजर नहीं आते, वे इस रोशनी में बेहतर दिख सकते हैं।वैज्ञानिकों को उम्मीद है कि अगर इन संरचनाओं में ऐसे खनिजों की पहचान हो जाए जो पानी की मौजूदगी से जुड़े होते हैं, तो उन्हें यह समझने में मदद मिलेगी कि मंगल पर कभी पानी किस रूप में था।

क्या वह तरल रूप में था, बर्फ के रूप में, या किसी और रूप में। यह जानकारी मंगल के प्राचीन वातावरण को समझने में काफी काम आएगी।2012 में मंगल की पर उतरा था रोवरबता दें कि नासा का क्यूरियोसिटी रोवर अगस्त 2012 में मंगल की सतह पर उतरा था। तब से यह लगातार लाल ग्रह की चट्टानों, मिट्टी और वातावरण का अध्ययन कर रहा है।

पिछले कई सालों से यह गेल क्रेटर में घूम रहा है और वहां के इतिहास की परतें खोल रहा है। अब नाज्का साइट पर मिली ये चिप्स जैसी संरचनाएं इसकी सबसे नई और दिलचस्प खोजों में शामिल हो गई हैं।फिलहाल वैज्ञानिक अभी इन संरचनाओं का पूरा विश्लेषण कर रहे हैं। आने वाले दिनों में जब ChemCam और अन्य उपकरणों से मिले आंकड़े पूरी तरह से तैयार हो जाएंगे, तब साफ हो सकेगा कि ये आलू चिप्स जैसी चीजें आखिर किस खनिज से बनी हैं और ये मंगल के इतिहास के बारे में क्या नया बताती हैं।