सोनभद्र: दुद्धी क्षेत्र के ग्रामीण बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण और आधुनिक शिक्षा की राह आसान होने जा रही है। ग्राम जामपानी में 25 नवंबर से मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय का निर्माण शुरू होगा। योगी सरकार इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 25 करोड़ 28 लाख रुपये खर्च करेगी। विद्यालय के निर्माण से क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 12 तक की पढ़ाई एक ही परिसर में उपलब्ध होगी।

इससे बच्चों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी।जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि विद्यालय निर्माण की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी गई है। निर्माण कार्य निर्धारित तिथि से शुरू कराया जाएगा। विद्यालय को आधुनिक शैक्षिक जरूरतों के अनुरूप विकसित किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों जैसी शैक्षिक सुविधाएं मिल सकें।स्मार्ट क्लास और रोबोटिक्स लैब बनेगी खास पहचानविद्यालय परिसर में स्मार्ट क्लासरूम, कंप्यूटर लैब, विज्ञान एवं रोबोटिक्स लैब और आधुनिक लाइब्रेरी बनाई जाएगी।

इसके जरिए विद्यार्थियों को डिजिटल, तकनीकी और प्रयोगात्मक शिक्षा का अवसर मिलेगा। छोटे बच्चों के लिए बाल वाटिका तथा पोषण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए न्यूट्रिशन गार्डन भी विकसित किया जाएगा।सुरक्षा और सुविधाओं का भी रहेगा विशेष ध्यानपूरे विद्यालय परिसर को वाई-फाई सुविधा से लैस किया जाएगा।

साथ ही ऑनलाइन सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था होगी। शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए स्टाफ रूम भी बनाया जाएगा। इस विद्यालय के शुरू होने से दुद्धी क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। खासकर ग्रामीण परिवारों के बच्चों को एक ही छत के नीचे आधुनिक शिक्षा और तकनीकी ज्ञान हासिल करने का अवसर मिलेगा।