नई दिल्ली: चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ ने ए. सेथु की जनहित याचिका पर कानून एवं न्याय मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय को भी नोटिस जारी किया। याचिकाकर्ता की ओर से अधिवक्ता आर. सतीश कुमार और जतिन पेश हुए। याचिका में मांग की गई है कि यदि किसी सांसद या विधायक के खिलाफ दल-बदल कानून के तहत अयोग्यता की कार्यवाही लंबित है या जल्द शुरू होने की आशंका है, तो उसका इस्तीफा अपने आप उस कार्यवाही को खत्म नहीं कर सके।

स्पीकर या सभापति को इस्तीफे की स्वेच्छा और वास्तविकता की ऑब्जेक्टिव आधार पर जांच कर कारण सहित आदेश देना चाहिए। अयोग्यता की याचिका पर भी स्वतंत्र रूप से फैसला होना चाहिए।स्पीकर की भूमिका की समीक्षा की मांगयाचिका में स्पीकर और सभापति की अध्यक्षता वाली अयोग्यता तय करने की व्यवस्था की संस्थागत समीक्षा करने तथा इस्तीफे और अयोग्यता संबंधी मामलों में पारदर्शी, तर्कपूर्ण और समयबद्ध निर्णय सुनिश्चित करने की मांग की गई है।

याचिकाकर्ता का कहना है कि कई बार अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए विधायक इस्तीफा दे देते हैं। इससे विधानसभा में सदस्यों की संख्या बदल जाती है, राजनीतिक समीकरण प्रभावित होते हैं और निर्वाचित सरकारों के अस्तित्व पर भी असर पड़ सकता है।बहुमत का परीक्षण सदन के पटल पर ही होयाचिका में यह भी मांग की गई है कि त्रिशंकु विधानसभा की स्थिति में सरकार बनाने के लिए बहुमत का परीक्षण केवल विधिवत गठित सदन के पटल पर हो।

इसके लिए पहले सदस्यों को संविधान के अनुच्छेद 188 के तहत शपथ दिलाई जाए। समर्थन पत्रों या सदन के बाहर शक्ति प्रदर्शन के आधार पर बहुमत तय नहीं किया जाना चाहिए। याचिका में कहा गया है कि रणनीतिक इस्तीफों के जरिये दल-बदल कानून के उद्देश्यों को निष्प्रभावी करने की कोशिश लोकतांत्रिक व्यवस्था और निर्वाचित जनादेश को प्रभावित कर सकती है।

इसलिए इस्तीफे और अयोग्यता की कार्यवाही को एक-दूसरे से स्वतंत्र रखते हुए स्पष्ट कानूनी व्यवस्था बनाई जानी चाहिए।सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाबदल-बदल कानून के कथित दुरुपयोग को रोकने और इसमें व्यापक सुधार की मांग पर सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार , चुनाव आयोग और विधि आयोग से जवाब मांगा।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि अयोग्यता की कार्रवाई का सामना कर रहे सांसद और विधायक स्पीकर के फैसले से पहले रणनीतिक तरीके से इस्तीफा देकर संविधान की दसवीं अनुसूची के प्रावधानों से बचने की कोशिश करते हैं।