अधिवक्ता जीशान ने अतीक के साढ़ू इमरान और उसके बेटों सहित 12 अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। जीशान ने अपनी मां की जमीन पर फर्जी दस्तावेज बनाकर कब्जा करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। एयरपोर्ट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। एफआईआर के मुताबिक, जीशान का आरोप है कि उनके पिता, बड़े भाई और फूफा की हत्या में अतीक का हाथ था।
अतीक और उसके भाई-रिश्तेदार इस मामले में आरोपी हैं और जेल जा चुके हैं। जीशान की मां दिल अफरोज कटहुला गौसपुर स्थित कई जमीनों की मालकिन हैं। आरोप है कि इमरान, उसके बेटे महताब उर्फ जिकरान, कामरान, जीशान उर्फ जानू, तुफैल उर्फ गुड्डू, रमेश तिवारी, श्रीकांत, गया यादव, महेंद्र केसरवानी, राज यादव, अमित कुशवाहा और संजय सिंह ने मिलकर जमीन हड़पने का प्रयास किया।
कामरान ने अपनी जमीन के एक हिस्से का बैनामा रमेश तिवारी को किया। इसमें चौहद्दी गलत दिखाकर कब्जा देने की कोशिश की गई। वर्ष 2018 में हल्का लेखपाल की रिपोर्ट में जबरन निर्माण के प्रयास की पुष्टि हुई थी। जीशान ने बताया कि आरोपी अब उनकी कई अन्य जमीनों पर भी फर्जी और कूटरचित दस्तावेज बनाकर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं।
पूर्व में भी इमरान और कामरान ने उनकी जमीनों पर कब्जा करने और बैनामा कराने की कोशिश की थी।इस संबंध में कई मुकदमे सिविल कोर्ट में विचाराधीन हैं। न्यायालय ने इन मामलों में स्थगन आदेश भी पारित किए हैं। जीशान का आरोप है कि जब वह अपनी जमीनों पर जाते हैं तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है। जीशान ने यह भी आरोप लगाया कि पूर्व में उन पर हमला किया जा चुका है।