Kanpur News: राधिका अपार्टमेंट अग्निकांड के बाद ध्वस्तीकरण के नोटिस से चिंतित 12 परिवारों को राहत देने के लिए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल और मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया रोकने तथा आरोपी बिल्डरों से भारी जुर्माना वसूलकर सुरक्षा इंतजाम कराने की रणनीति बनाई है।

कानपुर में पटकापुर के राधिका अपार्टमेंट में हुए अग्निकांड के बाद अब वहां रहने वाले 12 परिवारों को राहत देने की तैयारी है। इसके लिए पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने हाल ही में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम से अनौपचारिक मुलाकात की। इस दौरान तय हुआ कि केडीए उपाध्यक्ष से बात कर फिलहाल ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया रोकने का प्रयास किया जाएगा। इसके बदले पांच आरोपी बिल्डरों से ही भारी जुर्माना वसूलकर सुरक्षा और बुनियादी सुविधाएं विकसित कराई जाएंगी।

कोई अधिकारी या कर्मचारी जांच करने नहीं पहुंचा इससे वहां रहने वाले 12 परिवारों की चिंता बढ़ गई थी। लोगों का कहना है कि उन्होंने कर्ज लेकर और गहने बेचकर 18 से 20 लाख रुपये में फ्लैट खरीदे थे। बिल्डरों ने उन्हें सुविधाओं और सुरक्षित आशियाने के सपने दिखाए, लेकिन अब उनके सामने बेघर होने का खतरा खड़ा हो गया है। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान केडीए का कोई अधिकारी या कर्मचारी जांच करने नहीं पहुंचा, लेकिन अब ध्वस्तीकरण का नोटिस लगा दिया गया है।

63 बिल्डरों को जुर्माने के नोटिस भेजने की तैयारी राधिका अपार्टमेंट समेत शहर की संकरी सड़कों पर मानकों के विपरीत अपार्टमेंट बनाने वाले कुल 63 बिल्डरों से जुर्माना वसूला जाएगा। इसके लिए अपार्टमेंटों का सर्वे कराया जा रहा है। जल्द ही सभी बिल्डरों को जुर्माने के नोटिस भेजे जाएंगे। जुर्माना अदा न करने वाले बिल्डरों के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराने और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

निर्माण के समय तैनात अवर अभियंताओं की भी बनेगी सूची पटकापुर, गिलिस बाजार, खास बाजार, चौक, डिप्टी का पड़ाव, मेस्टन रोड, हूलागंज, चमनगंज, बेकनगंज, कर्नलगंज, प्रेमनगर, कमला टावर और घुमनी बाजार समेत अन्य इलाकों में मानकों के विपरीत बने अपार्टमेंट की जांच के साथ उनके निर्माण के समय संबंधित जोन में तैनात रहे केडीए के अवर अभियंताओं की सूची भी तैयार की जा रही है। इससे पता लगाया जाएगा कि अवैध निर्माण के दौरान किस स्तर पर लापरवाही बरती गई और किन अधिकारियों की अनदेखी से ये अपार्टमेंट खड़े हुए।