भुवनेश्वर: ओडिशा के तीन जिलों में सोने के भंडार मिलने के बाद राज्य सरकार ने खनन की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। सरकार वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान मयूरभंज जिले के मदनसाही-कंजिया गोल्ड माइनिंग ब्लॉक की नीलामी करेगी। इस्पात और खान मंत्री विभूति भूषण जेना ने गुरुवार को विधानसभा में यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि क्योंझर, देवगढ़ और मयूरभंज जिलों में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के सर्वे के दौरान सोने वाले खनिजों की पहचान हुई है।गोल्ड माइनिंग ब्लॉक की होगी नीलामीबीजेडी विधायक अश्विनी पात्रा के एक सवाल के लिखित जवाब में खान मंत्री विभूति भूषण जेना ने बताया कि राज्य के खान निदेशालय के साथ मिलकर किए गए सर्वे के दौरान GSI को तीन जिलों में सोने के भंडार मिले हैं।
इनमें क्योंझर जिले का गोपुर-जलादिही, देवगढ़ जिले का अदाश-रामपाली और मयूरभंज जिले का मदनसाही-कंजिया क्षेत्र शामिल है। मंत्री ने कहा कि सरकार ने सैद्धांतिक रूप से वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान मयूरभंज जिले के मदनसाही-कंजिया मिनरल ब्लॉक की नीलामी करने का फैसला किया है। इसके लिए जरूरी प्रक्रिया शुरू की जा रही है।सोने के साथ तांबा, चांदी और निकल के भंडार भी मिलेमंत्री ने बताया कि सर्वे के दौरान इन इलाकों में सोने के अलावा कई अन्य खनिजों की भी पहचान की गई है।
देवगढ़ जिले के अदाश-रामपाली क्षेत्र में सोने के साथ तांबा, ग्रेफाइट, चांदी और निकल के भंडार मिले हैं। वहीं, मयूरभंज जिले के मदनसाही-कंजिया इलाके में सोने के साथ तांबे की मौजूदगी का भी पता चला है। उन्होंने कहा कि खनिज संपदा वाले इन क्षेत्रों में प्रत्येक खनिज की मात्रा और गुणवत्ता के साथ खनन की व्यावहारिकता का आकलन किया जाएगा।
इसके आधार पर उचित और कानूनी प्रक्रिया के तहत आगे के कदम उठाए जाएंगे।सर्वे के आंकड़े भी साझा किए थेखान मंत्री ने सदन में पहले दिए गए एक बयान में GSI के सर्वे के आंकड़े भी साझा किए थे। उनके मुताबिक, मयूरभंज जिले के मदनसाही-कंजिया क्षेत्र में 1,462.73 किलोग्राम सोने और 17.06 मिलियन टन तांबे के भंडार का पता चला है।
इसी तरह, देवगढ़ जिले के अदाश इलाके में लगभग 1,685 किलोग्राम और क्योंझर जिले के गोपुर क्षेत्र में 311.07 किलोग्राम सोने के भंडार मिले हैं। अब सरकार इन खनिज संसाधनों के खनन की संभावनाओं को आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।