भुवनेश्वर: भीषण चक्रवाती तूफान अकवान ने अपनी दिशा बदल ली है। अब इसके 20 नवंबर को आंध्र प्रदेश के नरसापुर और ओडिशा के पुरी के बीच तट से टकराने की संभावना है। इसके मद्देनजर ओडिशा सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं और करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान 'अकवान' गुरुवार तड़के 2:30 बजे गोपालपुर से लगभग 580 किमी दक्षिण और पुरी से 640 किमी दक्षिण में स्थित था।50 हजार लोगों को सुरक्षित जगह पहुंचायाओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि राज्य में भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के मद्देनजर अब तक करीब 50 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा चुका है।

माझी ने बुधवार को राज्य सरकार की तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि गंजाम जिले से सबसे अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाएगा और यह प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य शून्य जनहानि सुनिश्चित करना है और मैदानी तथा पहाड़ी, दोनों इलाकों में बड़े पैमाने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।इन जिलों में भारी बारिश का अनुमानमुख्यमंत्री ने कहा कि गंजाम, गजपति, कंधमाल, रायगड़ा, कोरापुट और मलकानगिरि जिलों के कई गांवों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है।

माझी ने कहा कि भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार और शुक्रवार को 11 जिलों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इन जिलों में मलकानगिरि, कोरापुट, रायगड़ा, कालाहांडी, गजपति, गंजाम, कंधमाल, बौध, पुरी, नयागढ़ और खुर्दा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा के तटीय इलाकों में हवा की औसत गति करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा रहने का अनुमान है।तमिलनाडु में 23 और 24 नवंबर को भारी बारिश की संभावनाचक्रवाती तूफान अकवान के चलते तमिलनाडु के कई जिलों में 23 और 24 नवंबर को भारी बारिश होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने 23 नवंबर से तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में काफी बढ़ोतरी का अनुमान जताया है, जिसमें दक्षिणी और तटीय जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। 23 नवंबर को कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम, पुदुकोट्टई, शिवगंगा, रामनाथपुरम, मदुरै, विरुधुनगर, थेनी, तेनकासी, थूथुकुडी, तिरुनेलवेली और कन्याकुमारी जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।

24 नवंबर को कुड्डालोर, तंजावुर, तिरुवरुर, नागपट्टिनम और पुदुकोट्टई जिलों में भारी बारिश हो सकती है।