पश्चिम बंगाल में टीएमसी की जंग एक नया मोड़ ले रही है। ममता गुट ने बागी विधायकों की अगुआई करने वाले ऋतब्रत बनर्जी के खिलाफ धोखाधड़ी की नामजद एफआईआर दर्ज करवाई है। ममता बनर्जी गुट ने आरोप लगाया है कि 'डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस' गुट ने पुलिसकर्मियों की मदद से फर्जी हलफनामे तैयार करवाए थे।एफआईआर में कहा गया है कि दूसरे गुट ने पार्टी के नाम और निशान पर दावा मजबूत कनरे के लिए फर्जी हलफनामा तैयार करवाया था।
इसमें पुलिसकर्मियों की भी मिलीभगत थी। तृणमूल कांग्रेस के ममता बनर्जी समर्थक गुट के कोषाध्यक्ष सुभाशीष चक्रवर्ती ने 20 नवंबर को यहां कालीघाट थाने में शिकायत दर्ज कराकर उसमें डेमोक्रेटिक तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष अरूप राय एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ऋतब्रत बनर्जी को नामजद किया है।कई पुलिसकर्मियों के भी नामइस शिकायत में बीरभूम जिले के नानूर थाने के कई कर्मियों के नाम भी हैं।
यह शिकायत ऐसे समय में आई है जब इस साल के आरंभ में विधानसभा चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की भाजपा से हार के बाद, पार्टी के विभाजन के चलते उसके नेतृत्व और पहचान को लेकर विवाद चल रहा है।यह विवाद निर्वाचन आयोग के समक्ष लंबित है। दोनों गुटों ने अपने समर्थन में पार्टी कार्यकर्ताओं और चुने हुए प्रतिनिधियों के हलफनामे जमा किए हैं।
अपनी शिकायत में, चक्रवर्ती ने दावा किया कि उनके पास मौजूद सबूत इस बात की ओर इशारा करते हैं कि पुलिस तंत्र की मदद से दूसरे गुट के लिए फर्जी हलफनामे तैयार करने की एक सुनियोजित कोशिश की गई है।शिकायत के अनुसार, यह कथित गतिविधि 23 एवं 27 अक्टूबर के बीच हुई, जब नानूर थाने के कर्मियों और नागरिक स्वयंसेवकों ने आस-पास के गांवों की मतदाता सूचियों से लोगों का विवरण इकट्ठा किया और उसे पहले से तैयार शपथ-पत्र के प्रारूपों में भर दिया।अभिषेक बनर्जी ने कहा कि जोड़ा फूल पर दावा करने के लिए बागी विधायकों ने पुलिस की मदद ली।
उन्होंने कहा कि इस बारे में उनके पास दस्तावेज और रिकॉर्डिंग मौजूद है। वहीं बीजेपी ने ममता गुट पर तंज कसते हुए कहा कि राज्य में दो लुटेरे गिरोहों की लड़ाई चल रही है। बीजेपी नेता देवजीत सराकर ने कहा कि यह टीएमसी में आपस की लड़ाई है औऱ इससे बीजेपी को कोई लेना देना नहीं है। आपको बता दें कि बंगाल में टीएमसी और बीजेपी के बीच ठनी ही रहती है।
बीते दिनों अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन के मौके पर टीएमसी ने पुलिसवालों पर ही हमला करवाने का आरोप लगाया था।