नई दिल्लीः प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव बीजेपी और शिरोमणि अकाल दल के साथ मिलकर लड़ने के ऐलान का स्वागत किया है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि शिरोमणि अकाली दल और बीजेपी का यह गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।अकाली दल की NDA परिवार में वापसीः पीएम मोदीप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'पंजाब और पंजाबियों के वेलफेयर को सबसे ऊपर रखना है!

मुझे बहुत खुशी है कि शिरोमणि अकाली दल की NDA परिवार में वापसी हो रही है, और वह भी श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर।'अकाली दल बीजेपी अलायंस को बताया स्वाभाविक गठबंधनमोदी ने कहा, 'हमारा गठबंधन एक स्वाभाविक गठबंधन है, जो यह सुनिश्चित करेगा कि पंजाब को जन-हितैषी शासन मिले, जो राज्य को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाए।

अटल जी, आडवाणी जी और सरदार प्रकाश सिंह बादल जी द्वारा सींचा गया अकाली दल-BJP गठबंधन समय की कसौटी पर खरा उतरा है। मुझे पूरा विश्वास है कि हमारा गठबंधन पंजाब के लोगों की पहली पसंद बनकर उभरेगा।'पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपने गठबंधन की घोषणाबीजेपी और शिरोमणि अकाली दल ने मंगलवार को आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए अपने गठबंधन की घोषणा की और इसे एक ‘राष्ट्रीय और भावनात्मक’ समझौता बताया।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि दोनों दल पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे और मुख्यमंत्री का पद शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) को मिलेगा।2020 में बीजेपी-अकाली दल गठबंधन टूट गया था अब रद्द किए जा चुके तीन कृषि कानूनों के मुद्दे पर अकाली दल ने सितंबर 2020 में बीजेपी के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था।

इससे पहले तक लोकसभा सदस्य हरसिमरत कौर बादल मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रही थीं। साल 2022 में हुए पंजाब विधानसभा चुनावों में, कुल 117 सीटों में से बीजेपी ने केवल दो सीटें जीती थीं, जबकि अकाली दल तीन विधानसभा क्षेत्रों में जीत दर्ज कर सका था। चुनावी गठबंधन टूटने से पहले, अकाली दल और बीजेपी दोनों मिलकर चुनाव लड़ते थे।

विधानसभा चुनावों में पिछले समझौते के अनुसार, बीजेपी 23 सीटों पर और अकाली दल 94 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ता था। वहीं, लोकसभा चुनावों में अकाली दल 10 सीटों पर और भाजपा शेष तीन सीटों पर चुनाव लड़ती थी।