राजगढ़ : भैंस चोरी के मामले में आरोपियों को पेश करने के बदले दो लाख रुपए की रिश्वत मांगने के आरोप में लोकायुक्त भोपाल की टीम ने कालीपीठ थाने के पुलिसकर्मियों पर शिकंजा कसा है। शिकायत के सत्यापन के बाद एक सब इंस्पेक्टर, होमगार्ड सैनिक और एक निजी व्यक्ति के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत एफआइआर दर्ज की गई है।
मौके पर नहीं पहुंचे पुलिसकर्मीलोकायुक्त टीम रिश्वतखोर पुलिसकर्मियों को रंगेहाथों पकड़ने के लिए पहुंची थी लेकिन पुलिसकर्मियों को कार्रवाई की भनक लग गई। इसके बाद रिश्वत के लिए मौके पर नहीं पहुंचे। इसकी वजह से लोकायुक्त की टीम को करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा है। दो लाख में तय हुआ था सौदामगन्याखेड़ी निवासी राजाराम तंवर ने आरोप लगाया कि उनके रिश्तेदारों की भैंसें चोरी हुई थीं।
उन्होंने चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया लेकिन पुलिस ने उन्हें रात में ही छोड़ दिया। बाद में पुलिसकर्मियों ने दोनों भैंसें वापस दिलाने का भरोसा दिया। एक भैंस वापस मिली, जबकि दूसरी अब तक नहीं मिली। आरोपियों को पेश करने लिए मांगे सात लाख रुपएतंवर का आरोप है कि इसके बाद भैंस मालिकों के रिश्तेदारों पर ही अपहरण का प्रकरण दर्ज कर लिया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, इसी मामले में आरोपियों को पेश करने के बदले पुलिसकर्मियों ने सात लाख रुपए मांगे थे। बाद में दो लाख रुपए में सौदा तय हुआ। इसमें से 50 हजार रुपए पहले दिए जा चुके थे और डेढ़ लाख रुपए देना बाकी था। तंवर ने पूरे थाने के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।शिकायत के सत्यापन के बाद एफआईआरलोकायुक्त निरीक्षक रजनी तिवारी ने बताया कि फरियादी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत की जांच की गई और शिकायत सही पाए जाने पर 23 नवंबर को लोकायुक्त टीम कार्रवाई करने के लिए पहुंची थी। रिश्वत देने के लिए गुना रोड पर कालीपीठ मार्ग के नजदीक नमकीन की एक दुकान पर फरियादी को पुलिसकर्मी एसआई ने बुलाया था। उन्होंने कहा कि लोकायुक्त की टीम पहले से मौके पर मौजूद थी लेकिन एसआई और उसके साथी रिश्वत लेने के लिए नहीं पहुंचे।
रिश्वत मांगने की शिकायत के आधार पर एफआइआर दर्ज की गई है। मामले का आगे सत्यापन और जांच जारी है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।