फर्रुखाबाद : दुनिया के कई देशों में अपने उत्पाद निर्यात करने वाले उत्तर प्रदेश ने अब सब्जियों का निर्यात भी शुरू कर दिया है। मंगलवार को यूपी के फर्रुखाबाद से फ्रोजन सब्जियों की पहली खेप खाड़ी देश कतर भेजी गई। सरकार की इस पहल से सब्जियों की पैदावार करने वाले किसानों को उनके उत्पादों के अच्छे दाम मिलने की आशा जगी है।केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने यूपी से सब्जियों की पहली खेप विदेश भेजे जानी की सूचना सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर दी।
उन्होंने पोस्ट में लिखा - 'उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से 63 मीट्रिक टन (MT) फ्रोजन हरी मटर एवं मिश्रित सब्जियों की पहली निर्यात खेप कतर के लिए रवाना हुई। यह पहल प्रदेश के किसानों एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को वैश्विक बाजारों से जोड़ते हुए कृषि उत्पादों के बेहतर मूल्य के साथ निर्यात को बढ़ावा देगी।'नवी मुंबई के बंदरबाह से कतर जाएंगी सब्जियांउत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से मंगलवार को फ्रोजन हरी मटर और मिश्रित सब्जियों की पहली निर्यात खेप कतर के लिए रवाना की गई।
यह पहली बार है जब यहां से सब्जियों का निर्यात कतर को किया गया है। यह निर्यात ‘श्री लक्ष्मी फ्रोजन फूड्स’ ने किया है। निर्यात की गई सब्जियों में फ्रोजन हरी मटर, गाजर और अन्य सब्जियां शामिल हैं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह खेप फर्रुखाबाद से नवी मुंबई के न्हावा शेवा बंदरगाह (जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह) भेजी गई।
वहां से यह कतर की राजधानी दोहा भेजी गई।इससे पहले 20 नवंबर को कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीईडीए) ने वाराणसी में ‘स्टेकहोल्डर्स के साथ संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया था। एपीईडीए के चेयरमैन अभिषेक देव की अध्यक्षता में हुए इस कार्यक्रम में निर्यातकों और सरकारी एजेंसियों के बीच कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा हुई थी।निर्यात से जुड़ी चुनौतियों से निपटने में दी जाएगी मददइस संवाद कार्यक्रम में पैकेजिंग, लॉजिस्टिक्स, बाजार तक पहुंच, नियामक आवश्यकताएं और संस्थागत सहयोग के मुद्दों पर बातचीत हुई थी।
एपीईडीए के अधिकारियों ने कार्यक्रम में शामिल कारोबारियों को भरोसा दिलाया कि निर्यात से जुड़ी चुनौतियों को दूर करने में हर संभव मदद दी जाएगी। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजारों में क्षेत्रीय निर्यातकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए भी पूरा सहयोग देने की बात कही थी।इस कार्यक्रम में कतर के लिए फ्रोजन हरी मटर और मिक्स्ड वेजिटेबल्स की पहली खेप को रवाना करने के लिए वर्चुअली हरी झंडी दिखाई गई थी।
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि, यह पहली खेप उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात बास्केट में विविधता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, खासकर ‘वैल्यू-एडेड’ (मूल्य-संवर्धित) और फ्रोजन फूड सेगमेंट में।यूपी के कृषि उत्पादों के लिए खुले दुनिया के द्वारमंत्रालय ने कहा है कि यह पहली खेप उत्तर प्रदेश के कृषि निर्यात दायरे के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
विशेष रूप से फ्रोजन फूड सेगमेंट में यह उपलब्धि राज्य के कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार तक पहुंचाने की संभावनाओं को और मजबूत करेगी।फर्रुखाबाद और इसके आसपास के इलाकों में सब्जियों के उत्पादन और प्रसंस्करण की काफी संभावनाएं हैं। यहां के क्षेत्रीय कृषि उत्पादन को फूड-प्रोसेसिंग केंद्रों और अंतरराष्ट्रीय सप्लाई चेन से जोड़ा जा सकता है।
इससे किसानों, कृषि उत्पादक संगठनों, प्रोसेसर्स और निर्यातकों के लिए नए अवसर पैदा होंगे।