दो दिन पहले 'पंचायत सीजन 5' के ट्रेलर में हमने सचिव जी को प्‍यार की पींगे आगे बढ़ाते और बनराकस से परेशान होते देखा। अब बुधवार को फिल्‍म 'डालिंब' का खतरनाक ट्रेलर रिलीज हुआ है, जिसमें एक्‍टर जितेंद्र कुमार का एक नया रूप देखने को मिल रहा है। यह एक साइकोलॉजिकल थ्र‍िलर फिल्‍म है, जो एक गुमशुदा बच्‍चे की तलाश और उसके पिता के इर्द-गिर्द घूमती है।

करीब 2 मिनट के इस ट्रेलर का अध‍िकतर हिस्‍सा एक रिहायशी इमारत और इसके कैंपस में बढ़ते तनाव का असर बतौर दर्शक आप पर भी होता है, क्‍योंकि एक कातिल है, जो इसी सोसाइटी में खुलेआम घूम रहा है।'डालिंब' की कहानी प्रिया एवेन ने लिखी है और उन्‍होंने ही इसे डायरेक्‍ट भी किया है। एलिप्सिस एंटरटेनमेंट ने इसे प्रोड्यूस किया है और इसका प्रीमियर ZEE5 पर होगा।

ट्रेलर की शुरुआत एक बाप-बेटे के हंसते-खेलते माहौल से होती है, लेकिन फिर इसमें पुलिस की जांच, लापता बच्‍चे के लिए बेचैन पिता, एक गुमनाम कातिल और पारंपरिक-सांस्कृतिक नृत्‍य वाला मुखौटा रहस्‍य बढ़ाने का काम करते हैं।यहां देखें, 'डालिंब' का ट्रेलर'डालिंब' की कहानीOTT प्‍लेटफॉर्म ने ट्रेलर रिलीज करते हुए कैप्‍शन में लिखा है- 'कुछ कहानियां अपने आप सामने नहीं आतीं।

वे धीरे-धीरे खुलती हैं। और कुछ अंत सब कुछ बदल देते हैं।' कुछ ऐसा ही ट्रेलर में भी होता है। इसकी शुरुआत एक ऊंची इमारत में रहने वाले पिता सूरज कुमार (जितेंद्र कुमार) से होती है। वह अपने बेटे आदि के साथ खेल रहे हैं। फिर अचानक एक दिन वह बच्‍चा लापता हो जाता है। सूरज पूरे इमारत और सोसाइटी में अपने बेटे आदि को बेताबी से ढूंढता है।

लेकिन उसे दूसरों से कोई मदद नहीं मिल रही है। इस गुमशुदगी की जांच के लिए एक पुलिस अधिकारी (प्रिया बापट) को बुलाया जाता है।पुलिस की जांच, गहरे राज और डर का माहौलपुलिस सूरज और वहां रहने वाले लोगों से पूछताछ करती है कि क्या कोई झगड़ा हुआ था या कोई असामान्य गतिविधि देखी गई थी। तभी हमें इमारत में किसी संभावित अपराधी के मौजूद होने की चेतावनी दी जाती है।

इस कारण डर और तनाव का माहौल बन जाता है। आदि को ढूंढ़ने के लिए उसका पिता खुद दर-दर भटकने लगता है। उसकी हताशा दिखती है। लेकिन तभी ट्रेलर में बच्चे के लापता होने के पीछे किसी गहरे, छिपे हुए सच की ओर इशारा मिलता है।रहस्‍यमयी लोक कलाकार और वो मुखौटा'डालिंब' के ट्रेलर में हम कुछ रहस्यमयी सीन्‍स भी देखते हैं।

हमें एक लोक कलाकार दिखता है, जिसने अपने चेहरे पर पारंपरिक नृत्‍य का मुखौटा लगा रखा है। म्यूजिक और अजीबोगरीब रस्मों से जुड़े सीन्‍स थ्रिलर और सस्पेंस को बढ़ाने का काम करते हैं। इससे पहले जब जुलाई महीने में फिल्‍म का टीजर आया था, तब मेकर्स ने बताया था कि फिल्‍म एक लोक कलाकार की कहानी है, जो कई परतों वाला किरदार है।

वह अंदरूनी संघर्ष से जुड़े एक डरावने रहस्य में फंसा हुआ है।'डालिंब' OTT रिलीज डेटट्रेलर रिलीज के साथ ही 'डालिंब' की रिलीज डेट का भी ऐलान कर दिया गया है। य‍ह फिल्‍म सिनेमाघरों की बजाय सीधे OTT पर दस्‍तक दे रही है। 'डालिंब' शुक्रवार, 04 दिसंबर को Zee5 पर रिलीज होगी।डालिंब का अर्थ क्‍या है?'डालिंब' के पोस्‍टर से लेकर टीजर तक में एक चीज ध्‍यान खींचने वाली है।

अनार का फल। इसे फिल्‍म के टाइटल लोगो में 'D' के बीच में जगह दी गई है। कई भारतीय भाषाओं में अनार को 'डालिंब' कहा जाता है। ट्रेलर, टीजर और पोस्‍टर में दिखाया गया अनार बीच से कटा हुआ है और उसके लाल दाने टपक रहे हैं। प्रतीकात्‍मक रूप से यह कहानी में खून और छिपे हुए रहस्यों का प्रतीक हैं।'डालिंब' मूवी की कास्‍ट'डालिंब' प्रिया एवेन की पहली फीचर फ‍िल्म है।

इसे तनुज गर्ग और अतुल कास्बेकर ने प्रोड्यूस किया है। डायलॉग वरद भटनागर ने लिखे हैं और तनुज गर्ग ने इसमें उनका साथ दिया है। फ‍िल्म में जितेंद्र कुमार के साथ प्रिया बापट, क्षितिज दाते, कविन दवे, साई प्रसाद, हरीश कुलकर्णी और सागर यादव भी हैं।