CJI Surya Kant feeling embarrassed: फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के आरोपी उमर खालिद और शरजील इमाम पिछले छह साल से जेल में बंद हैं। उनकी जमानत याचिकाओं पर आज (बुधवार, 25 नवंबर को) देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में सुनवाई हो रही थी। उस दौरान CJI सूर्यकांत ने एक गंभीर टिप्पणी करते हुए कहा कि उन्हें शर्मिंदगी महसूस हो रही है क्योंकि उनके ही एक फैसले पर आज चर्चा हो रही है।
दरअसल, जस्टिस सूर्यकांत ने 2021 के महत्वपूर्ण 'के.ए. नजीब' मामले में एक फैसला लिखा था, जिसमें कहा गया था कि UAPA के तहत जमानत की पाबंदियों के बावजूद, त्वरित सुनवाई (speedy trial) के संवैधानिक अधिकार को प्राथमिकता दी जा सकती है।उसी फैसले की अलग-अलग व्याख्याओं के कारण, अब उमर खालिद और शरजील इमाम से जुड़े इस मामले को एक बड़ी बेंच के पास भेजने की नौबत आ गई है।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने खालिद और इमाम को कोई अंतरिम राहत नहीं दी। बार एंड बेंच के मुताबिक, पीठ ने कहा कि अंतरिम जमानत के अनुरोध पर विचार करने से पहले वह पुलिस का पक्ष सुनेगी। इसके साथ ही CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी मोहना की पीठ ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर इस मामले पर जवाब मांगा।
ये दोनों छह साल से अधिक समय से जेल में हैं। कोर्ट ने निर्देश दिया कि तीन जजों की बेंच गठित करने के लिए इस मामले को प्रशासनिक स्तर पर CJI के समक्ष रखा जाए।खालिद और इमाम UAPA केस में बंदबता दें कि उमर खालिद और शरजील इमाम पर दिल्ली दंगों की साजिश रचने से जुड़े गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत मामले दर्ज हैं।
इन दोनों ने सुप्रीम कोर्ट में दिल्ली हाई कोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। सुनवाई के दौरान खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने इस बीच अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया। वहीं, इमाम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने भी लंबे समय से जेल में बंद होने का हवाला देते हुए इसी तरह की राहत देने का अनुरोध किया।
हालांकि, पीठ ने कहा, ''आज नहीं।''जमानत देने से पहले पुलिस का पक्ष सुनेंगेपीठ ने कहा कि अंतरिम जमानत के अनुरोध पर विचार करने से पहले वह पुलिस का पक्ष सुनेगी। शीर्ष अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि दिल्ली दंगों के आरोपी तस्लीम अहमद के मामले में इस साल 22 मई को दो न्यायाधीशों की पीठ द्वारा मामले को वृहद पीठ के पास भेजने संबंधी आदेश के आलोक में विचार करने के लिए तीन न्यायाधीशों की पीठ गठित की जाए।
इसके लिए मामले को प्रशासनिक स्तर पर प्रधान न्यायाधीश के समक्ष रखने का निर्देश दिया गया। सिब्बल ने कहा कि अहमद के मामले में एक अन्य पीठ ने मामले को वृहद पीठ के पास भेजने का आदेश पारित करते समय दंगों की साजिश के सह-आरोपियों को अंतरिम जमानत दी थी।गवाहों से पूछताछ करने में विफल रही पुलिसशीर्ष अदालत में दाखिल अपनी याचिकाओं में दोनों कार्यकर्ताओं ने यह दलील देते हुए जमानत मांगी है कि अभियोजन पक्ष संरक्षित गवाहों से पूछताछ करने में विफल रहा है और उच्चतम न्यायालय द्वारा लगाई गई एक वर्ष की रोक की अवधि समाप्त होने वाली है।
इमाम ने अपनी याचिका में कहा कि मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था, जिसमें 18 आरोपी मुकदमे का सामना कर रहे हैं। अभियोजन पक्ष ने 47 संरक्षित गवाहों समेत 900 से अधिक गवाहों का उल्लेख किया है।संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लंघनखालिद ने भी अपनी याचिका में संरक्षित गवाहों से पूछताछ नहीं किए जाने का हवाला दिया और कहा कि एक वर्ष की रोक की अवधि समाप्त होने के बाद भी उन्हें जेल में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 का उल्लंघन होगा।
इमाम ने दलील दी कि विचाराधीन कैदी के रूप में छह साल और नौ महीने जेल में बिताने के बावजूद अभियोजन पक्ष एक भी गवाह से पूछताछ करने में विफल रहा है। दिल्ली हाई कोर्ट ने फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के पीछे कथित व्यापक साजिश से जुड़े यूएपीए के तहत दर्ज मामले में खालिद और इमाम को 30 सितंबर को जमानत देने से इनकार कर दिया था।'न्यायिक अनुशासन' से बंधाहाई कोर्ट ने कहा था कि वह 'न्यायिक अनुशासन' से बंधा है और उच्चतम न्यायालय के पांच जनवरी के आदेश में संशोधन नहीं कर सकता।
शीर्ष अदालत ने अपने आदेश में दोनों आरोपियों से कहा था कि वे संरक्षित गवाहों का बयान पूरा होने या एक वर्ष की अवधि समाप्त होने, इनमें से जो भी पहले हो, उसके बाद जमानत के लिए आवेदन कर सकते हैं। खालिद और इमाम ने निचली अदालत के चार जुलाई के उस फैसले को चुनौती दी थी, जिसमें उनकी गिरफ्तारी के बाद तीसरी बार उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई थीं।
निचली अदालत ने जमानत याचिकाएं खारिज करते हुए कहा था कि उसके पास उच्चतम न्यायालय के पांच जनवरी के आदेश का ''पालन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है'' और इसलिए वह न तो याचिकाओं पर विचार कर सकती है और न ही कोई राहत दे सकती है।दंगों में 53 लोगों की गई थी जानखालिद और इमाम के खिलाफ फरवरी 2020 में हुए दंगों के प्रमुख साजिशकर्ताओं में शामिल होने के आरोप में यूएपीए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इन दंगों में 53 लोगों की मौत हो गई थी और 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। नागरिकता (संशोधन) अधिनियम (सीएए), 2019 और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के विरोध में हुए प्रदर्शनों के दौरान हिंसा भड़की थी। दिल्ली उच्च न्यायालय की एक खंडपीठ ने दो सितंबर 2025 को खालिद और इमाम को जमानत देने से इनकार कर दिया था। उच्चतम न्यायालय ने पांच जनवरी को इस फैसले को बरकरार रखा था, लेकिन सह-आरोपियों गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को राहत दी थी।
जस्टिस अरविंद कुमार और जस्टिस एन वी अंजारिया की पीठ ने उस समय कहा था कि यूएपीए के तहत खालिद और इमाम के खिलाफ प्रथम दृष्टया मामला बनता है। (भाषा इनपुट्स के साथ)