महाराष्ट्र के पुणे से हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां पर एक बेहद खौफनाक घटना हुई है। शिवाजीनगर जिला न्यायालय के बाहर हत्या के एक आरोपी पर 6 से 7 हमलावरों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके हाथ काट दिए और उस पर कई राउंड गोलियां चला दीं। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि यह हमला कोर्ट के गेट नंबर 4 के ठीक बाहर हुआ।कौन था आरोपी और क्यों आया था कोर्ट?बताया जा रहा है कि हमले का शिकार मंदार मारुति किवाले नाम का व्यक्ति था।

वह 2025 में हुई शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। शनिवार को उसे जमानत मिल गई थी और वह जेल से बाहर आया था। बुधवार को वह कोर्ट में सुनवाई के लिए आया था। लेकिन सुनवाई पूरी होने से पहले ही बाहर हमलावरों ने उस पर हमला बोल दिया।2025 में क्या हुआ था?बताया जा रहा है कि शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या 20 अप्रैल 2025 को हुई थी।

यह घटना पुणे के कटराज इलाके के संतोष नगर में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या जमीन और पैसे के झगड़े की वजह से हुई थी। मंदार किवाले को इसी मामले में गिरफ्तार किया गया था। अब पुलिस जांच कर रही है कि बुधवार का हमला उसी पुरानी हत्या का बदला था या कोई और मामला था। फिलहाल पुलिसिया जांच जारी है।कैसे हुआ हमला?पुलिस के अनुसार, इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में 5-6 लोग दो स्कूटरों पर सवार दिख रहे हैं। एक स्कूटर पर चार हमलावर थे और दूसरे स्कूटर पर दो। इनमें से एक हमलावर के हाथ में खून से सना चाकू भी दिख रहा था। हमले के बाद घायल मंदार किवाले फुटपाथ पर खून से लथपथ पड़ा था।वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके से दो बंदूकें मिली हैं, जो सड़क पर पड़ी थी।

इस दौरान एक मैगजीन भी बरामद हुई, जिसमें गोलीयां भरी हुई थीं। फिलहाल पुलिस ने दोनों बंदूकें और मैगजीन अपने कब्जे में ले ली है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस के अनुसार, हमलावरों की पहचान और तलाश के लिए टीमें लगातार काम कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवालवहीं, इस घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है।

NCP सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि कोर्ट आम लोगों के लिए न्याय का मंदिर होता है। अगर इसी पवित्र जगह के बाहर दिनदहाड़े खून बह रहा है, जहां हर व्यक्ति न्याय और सुरक्षा मांगने आता है, तो पुणे के आम लोग कहां जाएं?सुले ने आगे कहा कि पुणे में पिछले कुछ समय से पिकैक्स गैंग का आतंक, गोलीबारी की घटनाएं, सड़क पर हत्याएं और महिलाओं के खिलाफ हिंसा बहुत बढ़ गई है।

उन्होंने सवाल उठाया कि पुणे का हर निवासी अब यही पूछ रहा है कि क्या शहर में कानून और व्यवस्था नाम की कोई चीज बची है? पुणे में कानून-व्यवस्था सचमुच खत्म हो चुकी है।