चंडीगढ़ : कांग्रेस महासचिव और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल (SAD) के बीच फिर से गठबंधन की संभावना की आलोचना की। उन्होंने इसे शुद्ध अवसरवाद करार दिया और सवाल किया कि दोनों पार्टियों के अलग होने के बाद से ऐसा क्या बदल गया है। इस संभावित गठबंधन पर सवाल उठाते हुए सचिन पायलट ने कहा कि जब BJP और अकाली दल का गठबंधन टूटा था, तब BJP ने अकाली दल पर कई आरोप लगाए थे।

उन्होंने पूछा कि क्या वे मुद्दे, जिनकी वजह से दोनों पार्टियां अलग हुई थीं, अब सुलझ गए हैं?अमृतसर में मीडिया से बात करते हुए पायलट ने कहा कि देखिए, जब BJP और अकाली दल का आपसी समझौता खत्म हुआ था, तब BJP ने अकाली दल के खिलाफ कई बातें कही थीं। जिन कारणों से उनका गठबंधन टूटा था, क्या वे सभी कारण अब खत्म हो गए हैं?'अकाली दल और बीजेपी गठबंधन राजनीतिक मजबूरी'मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक, अकाली दल और BJP फिर से गठबंधन करने जा रहे हैं।

ऐसे में सवाल यह उठता है कि आखिर गठबंधन टूटा क्यों था, और आज ऐसा क्या बदल गया है कि आप फिर से गठबंधन करने जा रहे हैं? उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में जनता द्वारा नकारे जाने के बाद, दोनों पार्टियां पंजाब में अपनी राजनीतिक जमीन वापस पाने के लिए संघर्ष कर रही हैं। अब चुनावों से ठीक पहले, राजनीतिक मजबूरी के चलते वे फिर से हाथ मिला रही हैं।आम आदमी पार्टी को भी बनाया निशानासचिन पायलट ने पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार पर भी निशाना साधा।

कहा कि मुख्यमंत्री ने पिछले पांच सालों में सिर्फ चुटकुले सुनाए हैं और हल्की-फुल्की बातें की हैं। सभी गंभीर मुद्दों पर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। अब जब आम आदमी पार्टी के अपने ही विधायकों और सांसदों की विश्वसनीयता खत्म हो गई है, तो जनता उन पर कैसे भरोसा करेगी? उन्होंने कहा कि पंजाब एक संवेदनशील सीमावर्ती राज्य है, इसलिए यहां एक ऐसी जिम्मेदार सरकार होनी चाहिए जो राज्य की चुनौतियों का सामना कर सके।

सचिन पायलट ने कांग्रेस पर भरोसा जताते हुए कहा कि पार्टी पंजाब की जनता को एक विश्वसनीय विकल्प दे सकती है।राजस्थान पंचायत चुनाव पर भी सचिन पायलट का आया बयानसचिन पायलट ने राजस्थान में हाल ही में हुए पंचायत चुनावों का ज़िक्र करते हुए कहा कि बीजेपी को अपनी सरकारों के प्रदर्शन और मतदाताओं की उम्मीदों पर आत्म-मंथन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि राजस्थान में हाल ही में हुए पंचायत चुनावों के बाद, देश की जनता ने बीजेपी को जो भी सुझाव देने थे, वे दे दिए हैं। अब बीजेपी को आत्म-मंथन करना चाहिए कि उनकी सभी 'डबल-इंजन' सरकारें क्यों विफल रहीं और जनता की उम्मीदें क्यों टूट गईं। 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए समाजवादी पार्टी (SP) और कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे पर चल रही बातचीत को लेकर पायलट ने भरोसा जताया कि यह गठबंधन बना रहेगा और सीट-बंटवारे का फैसला जल्द ही हो जाएगा।