बांग्लादेश जल रहा है और इस बार आवामी लीग के समर्थक सड़कों पर हैं। आवामी लीग को मुल्क की सबसे बड़ी पार्टी माना जाता है, जिसकी अगुवाई देश से दो साल पहले भागने पर मजबूर हुईं पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना करती हैं। अब उन्होंने वापसी का ऐलान कर दिया है और कुछ महीने पहले ही पीएम बने तारिक रहमान के सामने नई चुनौती आ खड़ी हुई है।

हसीना का अंजाम क्यों होगा ये बाद की बात होगी, लेकिन अभी छोटे-छोटे गलियारों में धधक रही इस आग के पूरे मुल्क में फैलने की आशंका तेज हो गई है। अब खास बात है कि 2024 के मध्य में शुरू हुई हिंसा के बाद से ही भारत के पड़ोस में अस्थिरता का माहौल बन हुआ है।शेख हसीना ने नवंबर की शुरुआत में बांग्लादेश सरकार से नया पासपोर्ट मांगा था।

वह चाहती हैं कि एक स्वतंत्र नागरिक के रूप में उनके मामले की सुनवाई अदालत में हो। जबकि, कहा जा रहा है कि बांग्लादेश सरकार उन्हें प्रत्यर्पण के जरिए ढाका वापस लाना चाहती है। यह मुद्दा भी भारत और बांग्लादेश के बीच तनाव की बड़ी वजह माना जाता है। खबरें हैं कि 62 वर्षीय पीएम रहमान प्रत्यर्पण के मुद्दे पर जोर इसलिए भी दे रहे हैं, ताकि प्रक्रिया धीमी हो और इन मुश्किल हालात से निकल सकें।बांग्लादेश में BNP vs आवामी लीगहसीना के जाने और मुख्य सलाहकार पद पर मोहम्मद यूनुस के आने के बाद आवामी लीग पर जमकर कार्रवाई हुईं।

पार्टी को प्रतिबंध तक कर दिया गया था। वहीं, BNP यानी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के मुखिया तारिक रहमान हैं। अब एक बार फिर बांग्लादेश में दोनों पार्टियां आमने सामने हैं और संघर्ष खूनी होता जा रहा है।अवामी लीग ने 80 साल की हसीना की वापसी की मांग को लेकर एक सप्ताह तक विरोध प्रदर्शनों का कार्यक्रम घोषित किया था, जो 19 नवंबर को देशव्यापी बंद के रूप में खत्म हुआ।

इन प्रदर्शनों के दौरान कई जिलों में आगजनी, देसी बम हमले और झड़पें हुईं, जिनके कारण कथित तौर पर हिंसा की ताजा घटनाएं हुईं। सप्ताह की शुरुआत में अलग-अलग घटनाओं में कम से कम चार लोगों की मौत हुई थी।इनमें नरैल और फरीदपुर में बीएनपी तथा उससे जुड़े संगठनों के तीन सदस्य शामिल थे। वहीं, पिरोजपुर में अज्ञात हमलावरों द्वारा खड़ी बसों में आग लगाए जाने के बाद एक बस सहायक जिंदा जल गया था।

कई जिलों में पुलिस प्रतिष्ठानों, सांसदों के आवासों और वाहनों पर भी हमले हुए हैं, जिसके बाद सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है।ढाका ट्रिब्यून के अनुसार, नरैल के कालिया उपजिला में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं के दर्जनों घरों तथा दुकानों में तोड़फोड़ की गई और उनमें आग लगा दी गई। इसके अनुसार, शुक्रवार दोपहर से रात तक बेंदर चार गांव में हिंसा फैली।

अखबार ने बताया कि शुक्रवार को अवामी लीग के सदस्यों के पैतृक घरों पर भी हमला किया गया। इसके अनुसार इनमें नरैल-एक के पूर्व जनप्रतिनिधि बी एम कबीरुल हक मुक्ती और कालिया नगरपालिका के पूर्व महापौर फकीर मुशफिकुर रहमान लिटन का आवास शामिल है। दमकल विभाग ने बताया कि करीब 20 से 30 घरों को नुकसान पहुंचा है।आवामी लीग को जिम्मेदार बता रही सरकारइससे पहले शुक्रवार को विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने देश में बढ़ती हिंसा के लिए अवामी लीग को जिम्मेदार ठहराया था।

उन्होंने कहा था कि बांग्लादेश हाल में आगजनी और पेट्रोल बम हमलों के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा। कबीर ने कहा कि कानून एजेंसियां जिम्मेदार लोगों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए काम कर रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विदेश में रहने वाले नेताओं समेत अवामी लीग का नेतृत्व इन हमलों को बढ़ावा दे रहा है।नई दिल्ली का जिक्र आयाडेली स्टार के मुताबिक, उन्होंने किसी का नाम लिए बिना कहा, 'पेट्रोल बम फेंककर भी किसी भगोड़े आतंकी को दिल्ली से बांग्लादेश नहीं लाया जा सकता...

ऐसा वास्तव में प्रत्यर्पण संधि के जरिए ही होगा।' विदेश मंत्रालय में अलग से दिए गए बयान में कबीर ने अवामी लीग को 'आतंकवादी संगठन' बताया।भारत ने कोई रिप्लाई नहीं दियाशुक्रवार को भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, 'बांग्लादेश के आंतरिक घटनाक्रम पर मुझे कुछ नहीं कहना है।' उन्होंने कहा, 'हमारा रुख पहले जैसा ही है।

भारत बांग्लादेश के साथ सकारात्मक, रचनात्मक संबंध चाहता है, जो दोनों देशों के साझा इतिहास और वहां के लोगों के बीच सांस्कृतिक संबंधों पर आधारित हो।'आवामी लीग खोज रही है मौकामीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हसीना समर्थकों का मानना है कि रहमान राजनीतिक रूप से फिलहाल कमजोर हैं। वो इसकी वजह आर्थिक और कानून व्यवस्था को मान रहे हैं।

साथ ही उनका मानना है कि यह समय हसीना की वापसी के लिए सही है। इधर, BNP का मानना है कि अगर आवामी लीग के समर्थकों की तरफ से हिंसा होती रही, तो हसीना को लेकर लोगों की हमदर्दी खत्म हो जाएगी। मोहम्मद यूनुस के आते ही भारत-बांग्लादेश रिश्ते बिगड़ेहसीना के जाते ही बांग्लादेश की राजनीति में एंट्री हुई नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस की।

कहा जाता है कि उन्होंने खुलकर जमात ए इस्लामी छात्रों को कैबिनेट में शामिल किया और जमकर समर्थन किया। उनके आने के बाद ही भारत और बांग्लादेश के रिश्ते कमजोर हुए और ढाका पाकिस्तान के करीब चला गया। साथ ही चीन से भी खुलकर समर्थन मांगने लगा। कहा यह भी जाता है कि हसीना सरकार गिराने में अमेरिका की बड़ी भूमिका थी, लेकिन इसे लेकर आधिकारिक रूप से कभी कुछ नहीं कहा गया और महज अटकलें ही जारी रहीं।