जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों की भीड़ उमड़ी, लेकिन मौके पर शिकायतों के निस्तारण का आंकड़ा बेहद कम रहा। जिले की सातों तहसीलों में कुल 607 शिकायतें पहुंचीं, जिनमें महज 58 का ही मौके पर निस्तारण हो सका। वहीं, कासिमाबाद तहसील में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय सिंह के पहुंचने की उम्मीद में फरियादी सुबह से इंतजार करते रहे।
दोनों अधिकारियों के नहीं पहुंचने पर उपजिलाधिकारी और क्षेत्राधिकारी ने ही शिकायतें सुनीं। कासिमाबाद ब्लॉक सभागार में आयोजित समाधान दिवस में एसडीएम के साथ क्षेत्राधिकारी अनुभव राजर्षि ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कई फरियादियों का कहना था कि वे स्थानीय अधिकारियों के यहां कई बार शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ।
ऐसे में उन्हें डीएम से न्याय मिलने की उम्मीद थी। उच्चाधिकारियों के नहीं पहुंचने से कुछ लोग निराश होकर वापस लौट गए।