करीब 15 दिन पहले अचानक लापता हुए किसान का शव शनिवार को गांव के ही कंपोजिट विद्यालय के पास पोखरी में उतराया मिला। शव की पहचान डोड़सर गांव निवासी रामविधि राजभर (50) के रूप में हुई। शव मिलने की खबर से गांव में सनसनी फैल गई। मृतक के बेटे ने पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताते हुए गांव के ही एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

उसने आरोप लगाया कि हत्या के बाद शव को कई दिनों तक घर में छिपाकर रखा गया और दुर्गंध आने पर पोखरी में फेंक दिया गया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या की पुष्टि नहीं की है। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह के मुताबिक, रामविधि के लापता होने की सूचना उनके बेटे रामविलास राजभर ने छह नवंबर को थाने में दी थी। इसके बाद परिजन, ग्रामीण और पुलिस टीम उनकी तलाश में जुटे थे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।

शनिवार दोपहर ग्रामीणों ने कंपोजिट विद्यालय के पास पोखरी में शव उतराया देखा तो शोर मचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया।