जौनपुर जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। बदलापुर में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान मकान पर कब्जे की शिकायत लेकर पहुंचे एक फरियादी ने न्याय नहीं मिलने पर कलेक्ट्रेट में आत्मदाह करने की चेतावनी दी।

वहीं इस दौरान छह तहसीलों में कुल 451 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 43 का मौके पर निस्तारण किया गया। भलुआही वार्ड निवासी सत्येंद्र चौधरी ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उनके मकान पर मनबढ़ लोगों ने कब्जा कर लिया है। इसके लिए कई बार शिकायत की गई। टीम गठित कर जांच का आदेश होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

फरियादी ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र शिकायत का निस्तारण नहीं हुआ तो वह कलेक्ट्रेट में आत्मदाह कर लेंगे। वहीं सहनपुर गांव निवासी विजय सिंह ने अवैध अतिक्रमण और पक्के निर्माण की शिकायत की। केरारकोट निवासी अजय कुमार सोनी ने जमीन पर कब्जे का मामला उठाया। डीएम ने संबंधित मामलों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

बदलापुर में कुल 81 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें नौ का मौके पर निस्तारण किया गया।