कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में गांव नयाबांस स्थित जैन बगीची के पास शुक्रवार रात चोरों ने एक बंद मकान से लाखों रुपये का माल चोरी कर लिया। शनिवार की सुबह परिवार को घटना की जानकारी हुई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। प्रवीण कुमार गर्ग ने बताया कि नयाबांस में उनका पुराना मकान है, जिससे करीब 100 से 150 मीटर दूर उनका पानी का प्लांट है।
उन्होंने पानी के प्लांट के ऊपर ही नया मकान बनवाया है, जिसमें दिवाली से पहले गृह प्रवेश हो चुका था। पुराने मकान का सामान धीरे-धीरे नए मकान में शिफ्ट किया जा रहा था, जिसके चलते वहां अभी भी कीमती सामान रखा था। प्रवीण गर्ग ने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे वह पुराने मकान पर घूमकर गए थे, तब सब ठीक था और मुख्य दरवाजा बंद था।
शनिवार सुबह करीब सात बजे बच्चे पुराने मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। परिवार के लोग अंदर पहुंचे तो कमरों के ताले और अलमारी के लॉकर टूटे हुए थे तथा सामान बिखरा पड़ा था। प्रवीण ने बताया कि चोर करीब सात से आठ लाख रुपये के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर ले गए हैं। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि पुलिस टीम को छानबीन के लिए लगाया गया है।
जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।