Gaganyaan Mission: भारत के सबसे महत्वाकांक्षी और पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम, 'गगनयान' मिशन में एक बार फिर देरी हो गई है। अब इसके पहले मानवरहित मिशन (जिसमें कोई क्रू नहीं होगा) के फरवरी 2027 से पहले लॉन्च होने की संभावना नहीं दिख रही है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) द्वारा दिसंबर 2026 में प्रस्तावित इस ऐतिहासिक लॉन्च की तारीख अब आगे खिसकती दिख रही है।
पहले इस मिशन को दिसंबर 2026 में लॉन्च करने की योजना थी, लेकिन तकनीकी सुधारों, अतिरिक्त सिमुलेशन और वैलिडेशन (सत्यापन) प्रक्रियाओं के चलते अब इसके लॉन्च में और देरी हो सकती है।एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ISRO इस मिशन को पूरी तरह से सुरक्षित और त्रुटिहीन बनाना चाहता है। यह भारत की मानव अंतरिक्ष उड़ान क्षमताओं को प्रदर्शित करने का पहला प्रयास है, और जब इतने बड़े स्तर की तकनीक शामिल होती है, तो कुछ अनिश्चितताएं होना स्वाभाविक है।
केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने पहले दिसंबर के अंत या जनवरी 2027 की शुरुआत में श्रीहरिकोटा से लॉन्च की तैयारी की बात कही थी। योजना के मुताबिक, पहली दो मानवरहित उड़ानों के सफल रहने पर तीसरी उड़ान में मार्च 2028 तक भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने का लक्ष्य रखा गया है।मिशन में देरी क्यों?ह्यूमन स्पेस फ्लाइट सेंटर (HSFC) और यू.आर.
राव सैटेलाइट सेंटर (URSC) से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि लगभग 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है, लेकिन अंतरिक्ष यान और लॉन्च व्हीकल को उड़ान के लिए मंजूरी मिलने से पहले अभी भी कुछ महत्वपूर्ण काम बाकी हैं। अधिकारियों ने बताया कि कार्यक्रम आगे बढ़ रहा है, लेकिन बचे हुए सिमुलेशन और तकनीकी आकलन के कारण दिसंबर में होने वाले लॉन्च के शेड्यूल पर असर पड़ सकता है।
हालांकि, तकनीकी फाइन-ट्यूनिंग, अतिरिक्त सिमुलेशन और वैलिडेशन प्रक्रियाएं अभी जारी हैं।डेडलाइन से ज्यादा महत्वपूर्ण सुरक्षावहीं, इसरो प्रमुख डॉ. वी. नारायणन और वरिष्ठ अधिकारियों ने इस मिशन पर अपना रुख साफ करते हुए कहा है कि मिशन लॉन्चिंग की डेडलाइन से ज्यादा महत्वपूर्ण सुरक्षा है। दरअसल, किसी आम सैटेलाइट मिशन के उलट, इसमें इंसानी जान दांव पर होगी; इसीलिए इसरो 100% 'फूलप्रूफ' तैयारी के बिना कोई रिस्क नहीं लेना चाहता।
अब तक इस मिशन के लिए 8,000 से ज्यादा परीक्षण किए जा चुके हैं, जिनमें क्रू एस्केप सिस्टम, एनवायरनमेंटल कंट्रोल और 16 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम (VSSC) में संपन्न क्रू व सर्विस मॉड्यूल सेपरेशन टेस्ट शामिल हैं।श्रीहरिकोटा से HLVM3 का प्रहार: क्या होगा मिशन G1 में?गगनयान को श्रीहरिकोटा के दूसरे लॉन्च पैड से ह्यूमन-रेटेड LVM3 (HLVM3) रॉकेट (चंद्रयान-3 वाले रॉकेट का अपग्रेड वर्जन) से अंतरिक्ष में भेजा जाएगा।
इस अभियान के तहत यान अंतरिक्ष से वापसी भी करेगा। इस दौरान उसे खौफनाक इम्तिहान से गुजरना होगा। दरअसल, क्रू मॉड्यूल पृथ्वी के वायुमंडल में पुनः प्रवेश करते समय भयानक गर्मी से गुजरेगा, जिसके लिए थर्मल प्रोटेक्शन हीट शील्ड और पैराशूट लैंडिंग सिस्टम की कड़ी जांच की जा रही है। इसके साथ ही मानवरहित परीक्षण उड़ानों में इसरो के अर्ध-मानवाकार रोबोट 'व्योममित्र' के जरिए जीवन-सहायक प्रणालियों की क्षमता भी परखी जाएगी।20,193 करोड़ रुपये का है प्रोजेक्ट, कई बार बढ़ी तारीखजनवरी 2019 में स्वीकृत इस 20,193 करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट का मूल लक्ष्य मई 2022 था, लेकिन कोरोना महामारी और सप्लाई चेन की रुकावटों के कारण कई बार शेड्यूल में संशोधन हो चुका है।
अक्टूबर 2024 में इस कार्यक्रम का दायरा 3 से बढ़ाकर 8 उड़ानों का कर दिया गया। वायुसेना के चार गगनयात्री, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, प्रशांत बालकृष्णन नायर, अंगद प्रताप और अजीत कृष्णन इस मिशन पर अंतरिक्ष यात्रा के लिए चुने गए हैं। मानवरहित उड़ानों की पूरी सफलता के बाद 2027-2028 तक भारतीय गगनयात्रियों को 400 किमी की कक्षा में 3 दिनों के लिए भेजा जाएगा।
इस सफलता के साथ ही भारत दुनिया में अमेरिका, रूस और चीन के बाद इंसान को अंतरिक्ष में भेजने वाला चौथा महाशक्ति देश बन जाएगा।