मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट को लेकर एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। यह 508 किलोमीटर लंबा हाईस्पीड रेल कॉरिडोर है। इसके सूरत-बिलीमोरा सेक्शन में बिजली सप्लाई शुरू करने की प्रक्रिया के तहत ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम को चालू कर दिया गया है। रेल मंत्रालय ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। करीब 50 किलोमीटर लंबे इस हिस्से में दोनों दिशाओं की रेल लाइनें शामिल हैं।
इस कदम से परियोजना को आगे के ट्रायल की दिशा में बढ़ाने में मदद मिलेगी। हालांकि, बिजली सप्लाई शुरू होने का मतलब यह नहीं है कि इस सेक्शन पर बुलेट ट्रेन का चलना भी शुरू हो जाएगा। इसके लिए अभी कई तकनीकी प्रक्रियाएं और ट्रायल पूरे किए जाने बाकी हैं।रेल मंत्रालय ने बताया कि पूरे कॉरिडोर में बिजली सप्लाई की व्यवस्था को धीरे-धीरे शुरू किया जाएगा।
इसके लिए छोटे-छोटे हिस्सों में ओवरहेड इलेक्ट्रिकल सिस्टम को चालू किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया पर तकनीकी टीमों की कड़ी निगरानी रहेगी, ताकि सुरक्षा से जुड़े सभी नियमों और तय प्रक्रियाओं का पालन सुनिश्चित किया जा सके। मंत्रालय ने इस सेक्शन के आसपास रहने वाले लोगों, यात्रियों, निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों और आम नागरिकों के लिए सार्वजनिक सुरक्षा एडवाइजरी भी जारी की है।
इसमें लोगों को बिजली की ओवरहेड लाइनों और अन्य इलेक्ट्रिकल उपकरणों के पास नहीं जाने की सलाह दी गई है। 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टममुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर में आधुनिक 2×25 केवी ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम लगाया गया है। दुनिया के कई देशों में हाईस्पीड रेल नेटवर्क के लिए इसी तरह की मॉडर्न बिजली तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है।
इस पूरे 508 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में बिजली सप्लाई के लिए 14 ट्रैक्शन सबस्टेशन बनाए गए हैं। ये सबस्टेशन राष्ट्रीय बिजली ग्रिड से बिजली प्राप्त करेंगे और फिर उसे ओवरहेड ट्रैक्शन सिस्टम तक पहुंचाएंगे। इसी व्यवस्था के जरिए हाईस्पीड ट्रेनें बिजली प्राप्त कर सकेंगी।रेल मार्ग में 4 नदियों पर बने पुलमंत्रालय ने बताया कि पूरे बिजली नेटवर्क की निगरानी एक केंद्रीकृत कंट्रोल सेंटर से की जाएगी।
इसका उद्देश्य बिजली सप्लाई को सुरक्षित और भरोसेमंद बनाए रखना है, ताकि ट्रेन परिचालन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। सूरत-बिलीमोरा सेक्शन की बात करें तो यह करीब 50 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रेल ट्रैक है। यानी इस हिस्से में बुलेट ट्रेन जमीन से ऊपर बने पुलनुमा ट्रैक पर दौड़ेगी। इस रेल मार्ग में 4 नदियों पर बने पुल भी शामिल हैं।
इसके अलावा नेशनल हाईवे-53 के ऊपर एक स्टील ब्रिज का निर्माण किया गया है। प्रोजेक्ट के तहत आसपास के इलाकों में ट्रेन की आवाज से होने वाले असर को कम करने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। इस सेक्शन के वायाडक्ट पर करीब 94 हजार नॉइज बैरियर लगाए गए हैं।बुलेट ट्रेन कब भरेगी फर्राटाइस बीच, बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट के परिचालन की समयसीमा में भी बदलाव किया गया है।
रेल मंत्रालय ने हाल ही में सूरत से वापी के बीच 100 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर बुलेट ट्रेन सेवा शुरू करने की समयसीमा अगस्त 2027 से बढ़ाकर 2027 की आखिरी तिमाही कर दी है। यानी अब इस हिस्से पर परिचालन अक्टूबर से दिसंबर 2027 के बीच शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।