ग्वालियर: नई सड़क स्थित बावन पायगा इलाके में शनिवार रात करीब 10 बजे एक चार मंजिला मकान में भीषण आग लग गई। रिहायशी मकान के भीतर इलेक्ट्रिकल्स सामग्री, पीवीसी केबल और डिस्पोजेबल सामान का गोदाम होने के कारण आग तेजी से भड़की और सटे होने के चलते पड़ोसी के मकान तक पहुंच गई। घटना के समय मकान मालिक का परिवार शादी समारोह में शामिल होने मोहना गया हुआ था।शादी में गया था परिवार, रात में दिखीं लपटेंबावन पायगा में इलेक्ट्रिकल्स स्टॉकिस्ट धर्मेंद्र जैन का चार मंजिला मकान है, जिसकी निचली मंजिल पर जैन इलेक्ट्रिकल्स नाम से दुकान चलती है।

धर्मेंद्र जैन अंचल में इलेक्ट्रिकल्स सामान की सप्लाई करते हैं और घर की ऊपरी मंजिलों में इलेक्ट्रिकल्स सामान के साथ डिस्पोजेबल सामग्री व अन्य ज्वलनशील सामान रखा था। शनिवार रात करीब 10 बजे मकान से लपटें उठती देख आसपास के लोगों ने दमकल को सूचना दी और अपने स्तर पर भी आग बुझाने की कोशिश की।पड़ोस के मकान तक फैली आगसूचना मिलते ही महाराज बाड़ा, पुरानी छावनी और कैप्टन रूपसिंह स्टेडियम स्थित फायर मुख्यालय से दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं।

करीब एक घंटे में आग फैलकर बगल में नितिन कुमार के मकान तक पहुंच गई, जहां पड़ोसी के मकान में कपड़ों का कारखाना संचालित होता है। हालांकि, वहां आग ज्यादा फैलने से पहले ही उसे काबू कर लिया गया। धर्मेंद्र जैन के मकान में बड़ी मात्रा में पीवीसी केबल और अन्य ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी।

दमकलकर्मियों को देर रात करीब 12 बजे तक आग पर काबू पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शार्ट सर्किट माना जा रहा है।संकरी गली में एक-एक कर पहुंचीं 15 गाड़ियांघटनास्थल की सबसे बड़ी चुनौती संकरी गली थी, जहां कई मकानों में नीचे दुकान और ऊपर रिहायशी हिस्सा बना हुआ है। गली संकरी होने के कारण एक साथ कई दमकल गाड़ियों को अंदर ले जाना संभव नहीं था।

ऐसे में फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियों को एक-एक कर मौके पर बुलाया गया और आग बुझाने में 30 पानी के टैंकरों व वाटर बाउजर से बार-बार पानी भरकर इस्तेमाल किया गया।आग फैलने की आशंका से इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय नागरिकों ने भी दमकलकर्मियों की मदद की। फायर के नोडल अधिकारी रजनीश गुप्ता के मुताबिक, मकान के भीतर गोदाम होने से आग बार-बार भड़क रही थी, जिसे काफी मशक्कत के बाद नियंत्रित कर लिया गया।