भारतीय रेलवे में सुरक्षा को लेकर एक बेहद चौंकाने वाली और गंभीर लापरवाही सामने आई है। अक्टूबर महीने में एक खाली 'वंदे भारत' ट्रेन का रैक खराब ब्रेकिंग सिस्टम के बावजूद झारखंड से उत्तर प्रदेश तक करीब 463 किलोमीटर का सफर तय करता रहा। हैरानी की बात यह है कि रास्ते में लोको पायलटों की बार-बार की चेतावनी के बाद भी ट्रेन को रोका नहीं गया।
मामला सामने आने के बाद दक्षिण पूर्व रेलवे (SER) जोन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए जांच के आदेश दिए हैं।न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, यह घटना 24 अक्टूबर की है यानी 11 नवंबर को असम में हुई कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की दुर्घटना से ठीक कुछ दिन पहले, जिसमें इसी तरह की लापरवाही के आरोप लगे थे।मालगाड़ी के इंजन से जोड़ा जाना था वंदे भारत का ब्रेकिंग सिस्टमरेलवे अधिकारियों के अनुसार, खाली वंदे भारत चेयर कार वाले इस रैक को एक मालगाड़ी के इंजन की मदद से झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी ले जाया जाना था।
नियमों के तहत, पूरे सफर के लिए पैसेंजर ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के ब्रेकिंग सिस्टम से पूरी तरह जोड़ा (इंटीग्रेट) जाना जरूरी था। लेकिन संबंधित रेलकर्मियों ने दोनों सिस्टम को ठीक से जोड़ने की जहमत नहीं उठाई।दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने इस चूक को बेहद गंभीर बताते हुए कहा, पर्याप्त ब्रेक पावर के बिना ट्रेन चलाना सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है, जिससे कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
इससे कर्मचारियों और यात्रियों की जान जोखिम में पड़ सकती है और रेल संचालन की सुरक्षा प्रभावित होती है। जोन ने रांची के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को इस पूरे मामले की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया है।रांची और मुरी स्टेशन पर पायलटों ने दी चेतावनी, फिर भी नहीं रुकी ट्रेन7 नवंबर को जारी आधिकारिक दस्तावेज में इस लापरवाही की पूरी कहानी दर्ज है।
24 अक्टूबर को हटिया से रवाना होने के बाद हटिया-रांची सेक्शन में लोको पायलट ने तय नियमों के तहत 'ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट' किया। टेस्ट में पता चला कि ट्रेन की ब्रेक पावर बेहद कमजोर और बेअसर है।रांची स्टेशन पहुंचते ही लोको पायलट ने सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर समेत संबंधित अधिकारियों को लिखित में इसकी शिकायत दी।
लेकिन समस्या को ठीक करने के बजाय ट्रेन को उसी हाल में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।आगे मुरी स्टेशन पर जब दूसरे लोको पायलट ने ट्रेन की कमान संभाली, तो उसे भी यही समस्या मिली। उसने भी कंट्रोलर्स को अलर्ट किया और साफ बताया कि प्रेशर रिलीज करने पर भी ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं। इसके बावजूद ट्रेन को नहीं रोका गया।चंदौली के डीडीयू स्टेशन पर खुला राजरास्ते भर क्रू की चेतावनियों को नजरअंदाज करने के बाद जब यह रैक उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पहुंचा, तब जाकर रेलकर्मियों ने इसकी जांच की।
जांच में जो सच सामने आया, उसने सबके होश उड़ा दिए- ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम बंद थे, यानी कोचों में ब्रेक काम ही नहीं कर रहे थे। 463 किलोमीटर के इस लंबे सफर के दौरान पूरी ट्रेन सिर्फ इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के भरोसे दौड़ती रही।रखरखाव और जानकारी के अभाव पर उठे सवालशुरुआती जांच में इस लापरवाही के लिए कोच एंड वैगन (C&W) के रखरखाव कर्मचारियों, संबंधित स्टेशनों के सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स और हटिया से डीडीयू के बीच ट्रेन चलाने वाले क्रू को जिम्मेदार ठहराया गया है।
आदेश में सवाल उठाया गया है कि रैक को रवाना करने से पहले C&W स्टाफ ने ब्रेकिंग सिस्टम की फिजिकल जांच क्यों नहीं की?इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया कि ट्रेन चलाने वाले क्रू को वंदे भारत के आधुनिक ब्रेकिंग सिस्टम की पूरी जानकारी नहीं थी, जिसकी वजह से वे खुद जाकर यह जांच नहीं कर पाए कि कोचों के ब्रेक लग रहे हैं या नहीं।
रेलवे जोन ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि मामले की गहराई से जांच कर दोषी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।